Edited By Punjab Kesari, Updated: 25 Aug, 2017 03:52 PM
यौन शोषण मामले में डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह को सीबीआई की विशेष कोर्ट ने दोषी करार दिया है। 28 अगस्त को राम रहीम की सजा पर ऐलान होगा।
पंचकुला: यौन शोषण मामले में डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह को सीबीआई की विशेष कोर्ट ने दोषी करार दिया है। 28 अगस्त को राम रहीम की सजा पर ऐलान होगा। इस केस को लेकर पिछले कई दिनों से उहापोह चल रही थी कि आखिर जज क्या फैसला सुनाएंगे। जज ने पीड़ितों के पक्ष में फैसला सुनाया है। बता दें राम रहीम पर फैसला सुनाने वाले जज भी हरियाणा से हैं। न्यायिक सेवा अधिकारी (जज) जगदीप सिंह हरियाणा के जींद के रहने वाले हैं। वह काफी सख्त मिजाज के जज माने जाते हैं। इसीलिए उन्होंने बिना किसी दबाव में आए यह फैसला सुनाया और उन्हें यौन शोषण मामले में दोषी माना।
पहले क्रिमनल लॉयर थे जज
राम रहीम पर फैसला सुनाने वाले जज जगदीप सिंह एडीजी स्तर के न्यायिक अधिकारी हैं। वे 2012 में न्यायिक सेवा में आए थे, इससे पहले वह पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट में क्रिमनल मामलों के वकील के रूप से सक्रिय थे। उन्होंने 2000 से लेकर 2012 तक अपराधिक मामलों के मुकद्दमे लड़े।
15 साल पहले सामने आया मामला
2002 में अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार के दौरान एक गुमनाम पत्र लिखकर डेरा प्रमुख राम रहीम पर एक साध्वी ने यौन शोषण का आरोप लगाया था। ये पत्र प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और हाईकोर्ट को भेजा गया था। हाईकोर्ट ने इसे संज्ञान में लेकर कार्रवाई शुरू की और उसके बाद सीबीआई जांच शुरू हुई।