Edited By Updated: 14 Jan, 2017 09:51 AM
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं ऐलनाबाद के विधायक अभय सिंह चौटाला ने बुधवार रात को चौटाला गांव के किन्नू फार्म पर हुए डबल मर्डर में गहरी साजिश होने का आरोप लगाया है।
सिरसा (सेतिया): विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं ऐलनाबाद के विधायक अभय सिंह चौटाला ने बुधवार रात को चौटाला गांव के किन्नू फार्म पर हुए डबल मर्डर में गहरी साजिश होने का आरोप लगाया है। वारदात के पीछे पूर्व मंत्री गोपाल कांडा एवं डबवाली के कांग्रेस नेता जग्गा बराड़ पर शक जाहिर किया है। अभय का कहना है कि इस फार्म हाऊस पर अक्सर उनके परिवार के लोग पार्टी के कार्यकत्र्ताओं से मुखातिब भी होते हैं। वारदात से 10 मिनट पहले उनका छोटा बेटा अर्जुन चौटाला वहीं पर था और वह भी हमलावरों के हमले का शिकार हो सकता था।
यह सीधा-सीधा हमला उन पर है। अभय ने यह भी जोड़ा कि कुछ समय पहले जग्गा बराड़ के भाई चंदसिंह बराड़ का मर्डर हो गया था, जिसमें उन्हें, प्रदीप गोदारा और इनैलो नेता विनोद अरोड़ा को आरोपी बनाया था। कांग्रेस ने यह सारी साजिश रची। बाद में पुलिस ने उन्हें क्लीनचिट दे दी जबकि प्रदीप गोदारा और विनोद अरोड़ा को कोर्ट ने बरी कर दिया।हमले में यह भी एक वजह हो सकती है। गोपाल कांडा पर शक जाहिर करते हुए अभय ने कहा कि कुछ वर्ष पहले इनैलो की ओर से सिरसा बंद के दौरान गोपाल कांडा और उनके समर्थकों ने प्रदीप गोदारा से हाथापाई की और उन्हें धमकी भी दी थी। अभय आज यहां डबवाली रोड स्थित अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।