Edited By Isha, Updated: 19 Apr, 2026 08:54 PM

दिल्ली-रोहतक रेल मार्ग पर छोटूराम नगर के पास शनिवार देर शाम दो अलग-अलग हादसों में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। दोनों हादसे करीब एक से डेढ़ घंटे के अंतराल में हुए, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।
बहादुरगढ़/झज्जर(प्रवीण कुमार धनखड़): दिल्ली-रोहतक रेल मार्ग पर छोटूराम नगर के पास शनिवार देर शाम दो अलग-अलग हादसों में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। दोनों हादसे करीब एक से डेढ़ घंटे के अंतराल में हुए, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतकों की पहचान बिहार निवासी 53 वर्षीय मोतीलाल और 20 वर्षीय विमलेश के रूप में हुई है। दोनों छोटूराम नगर में रहकर अलग-अलग कंपनियों में काम करते थे।
पहला हादसा रात करीब साढ़े 8 बजे हुआ। मोतीलाल औद्योगिक क्षेत्र की एक फैक्टरी में काम करता था। रोजाना की तरह ड्यूटी खत्म कर वह रेलवे ट्रैक के साथ-साथ घर लौट रहा था। इसी दौरान वह ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसे में उसके सिर पर गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
दूसरा हादसा करीब साढ़े 9 बजे हुआ। विमलेश, जो सेक्टर-17 स्थित एक कंपनी में काम करता था, ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहा था। जब वह छोटूराम नगर फाटक के पास रेलवे ट्रैक पार कर रहा था, तभी ट्रेन की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
काफी देर तक घर नहीं लौटने पर विमलेश के परिजनों को चिंता हुई। जब वे फाटक के पास पहुंचे तो वहां भीड़ लगी हुई थी। रात करीब 11 बजे उन्हें हादसे की जानकारी मिली, जिसके बाद वे अस्पताल पहुंचे।
सूचना मिलने पर राजकीय रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। लगातार हो रहे रेल हादसे एक बार फिर रेलवे ट्रैक के आसपास सुरक्षा और जागरूकता की कमी को उजागर कर रहे हैं।