नीलोखेड़ी में डेढ़ साल पुरानी रंजिश में हुई ताबड़तोड़ फायरिंग, मां-बेटे और भतीजे पर बरसाई गोलियां; दहल उठा इलाका

Edited By Harman, Updated: 22 Jun, 2026 10:28 AM

karnal rapid gunfire erupts in nilokheri over a year and a half old feud

उस समय सनसनी फैल गई जब पुरानी रंजिश के चलते एक परिवार पर कथित तौर पर फायरिंग कर दी गई। छर्रे वाली पिस्टल से किए गए हमले में मां, बेटा और भतीजा घायल हो गए, जबकि एक युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और...

करनाल (मेन पाल ) :  नीलोखेड़ी क्षेत्र में देर शाम उस समय सनसनी फैल गई जब पुरानी रंजिश के चलते एक परिवार पर कथित तौर पर फायरिंग कर दी गई। छर्रे वाली पिस्टल से किए गए हमले में मां, बेटा और भतीजा घायल हो गए, जबकि एक युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

घर के बाहर पहुंचकर बरसाईं गोलियां 

मिली जानकारी के अनुसार, घटना नीलोखेड़ी के पोल्ट्री एरिया की है, जहां कुछ युवक कथित तौर पर हथियारों से लैस होकर एक परिवार के घर के बाहर पहुंचे। आरोप है कि हमलावरों ने आते ही दो से तीन राउंड फायरिंग कर दी। इस हमले में सीमा, उनका बेटा आकाश और भतीजा सचिन घायल हो गए। फायरिंग के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और घायल परिजनों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।

डेढ़ साल पुरानी रंजिश बनी हमले की वजह

परिजनों के अनुसार दोनों पक्षों के बीच करीब डेढ़ साल से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि यह विवाद एक लड़की से जुड़े मामले को लेकर शुरू हुआ था, जिसके चलते पहले भी कई बार तनाव और कहासुनी हो चुकी थी। परिवार का कहना है कि अगर कोई विवाद था तो उसे बातचीत से सुलझाया जा सकता था, लेकिन इस तरह हिंसक हमला करना पूरी तरह गलत है।

पहले बहस, फिर हाथापाई और उसके बाद फायरिंग

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपी युवक पहले भी कई बार मोहल्ले में आता-जाता था, जिसको लेकर परिवार ने आपत्ति जताई थी। घटना वाले दिन भी इसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई। विवाद बढ़ते-बढ़ते हाथापाई तक पहुंच गया। बताया जा रहा है कि दोनों पक्ष पुलिस चौकी भी गए थे, लेकिन लौटने के बाद विवाद फिर भड़क गया और देखते ही देखते फायरिंग की घटना हो गई।

पिस्टल के साथ गंडासी और चाकू भी थे साथ

परिवार ने आरोप लगाया है कि हमलावर सिर्फ पिस्टल ही नहीं बल्कि गंडासी और चाकू जैसे हथियार भी लेकर आए थे। उनका कहना है कि हमलावरों ने अचानक हमला कर सीधे परिवार के सदस्यों को निशाना बनाया। घटना ने इलाके के लोगों को भी झकझोर कर रख दिया है।

सचिन के पेट में लगी गोली, हालत गंभीर

परिजनों के मुताबिक फायरिंग के दौरान सीमा के हाथ में छर्रे लगे, जबकि आकाश और सचिन भी घायल हो गए। सबसे गंभीर चोट सचिन को लगी है, जिसके पेट में गोली लगने की बात कही जा रही है। उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है और उसका उपचार जारी है।
 

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!