Edited By Punjab Kesari, Updated: 09 Nov, 2017 03:08 PM
दीनबंधु छोटूराम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मुरथल में आर्यभट्ट हॉस्टल के कमरे से छात्र का शव फंदे पर लटका मिला। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।जानकारी अनुसार जींद के अर्बन एस्टेट निवासी अभिषेक सांगवान...
सोनीपत(पवन राठी): दीनबंधु छोटूराम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मुरथल में आर्यभट्ट हॉस्टल के कमरे से छात्र का शव फंदे पर लटका मिला। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।जानकारी अनुसार जींद के अर्बन एस्टेट निवासी अभिषेक सांगवान ने दीनबंधू छोटूराम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में बी.एससी प्रथम वर्ष में दाखिला लिया था। वह आर्यभट्ट छात्र हास्टल के कमरा नम्बर-102 में रह रहा था।
बताया गया है कि उसके साथियों ने उसे मंगलवार को देखा था। रात को जब वह उसके कमरे पर गए तो दरवाजा अंदर से बंद मिला था। उन्होंने सोचा कि वह सो रहा होगा। बुधवार को भी उसके कमरे का दरवाजा नहीं खुला। जिस पर शाम को उनका शक गहरा गया। उन्होंने मामले की सूचना चीफ वार्डन आर.के. गर्ग व वार्डन सर्वदीप सिंह को दी। उन्होंने मौके पर पहुंचकर जांच की तो कमरा अंदर से बंद था। काफी देर तक जब दरवाजा नहीं खुला तो मामले से पुलिस को अवगत कराया। जिस पर मुरथल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। दरवाजा तोड़ा गया तो अभिषेक का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। मामले से परिजनों को अवगत करवाया।
पुलिस का कहना है कि परिजनों के आने के बाद ही मामले के बारे में जानकारी ली जाएगी। वहीं मुरथल के थाना प्रभारी फुलकंवार ने कहा कि छात्र के कमरे का दरवाजा नहीं खोले जाने की सूचना मिली थी। दरवाजा तोड़ने पर छात्र का शव फंदे पर लटका मिला। प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला है। उसके परिजनों से बातचीत के बाद ही कारणों का पता लग सकेगा। वीरवार को पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।