Edited By Updated: 25 Mar, 2017 08:41 AM
मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने एक ऐसी प्रणाली विकसित करने की आवश्यकता पर बल दिया, जिसके माध्यम से लोग घर पर रहते हुए ही विभिन्न विभागों से संबंधित अपने कार्य करवा सकें।
चंडीगढ़ (संघी):मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने एक ऐसी प्रणाली विकसित करने की आवश्यकता पर बल दिया, जिसके माध्यम से लोग घर पर रहते हुए ही विभिन्न विभागों से संबंधित अपने कार्य करवा सकें। इसके अलावा उन्होंने संपत्ति पंजीकरण प्रणाली को सरल बनाने पर बल दिया, ताकि लोगों को संपत्ति के पंजीकरण के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें। वह आज यहां हरियाणा राज्य औद्योगिक आधारभूत संरचना विकास निगम द्वारा सरकारी परियोजनाओं के लिए विकसित भूमि खरीद पोर्टल ‘ई-भूमि’ का शुभारंभ कर रहे थे।
निगम के प्रबंध निदेशक सुधीर राजपाल ने कहा कि ‘ई-भूमि’ पोर्टल भू-मालिकों द्वारा सरकार को भूमि की बिक्री के लिए किए गए स्वैच्छिक प्रस्तावों को भी संभालने में सक्षम होगा। इससे राज्य सरकार को अपना भूमि बैंक तैयार करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने विकास परियोजनाओं के लिए सरकार को स्वेच्छा से दी गई भूमि की खरीद के लिए एक नीति को मंजूरी दे दी है और नीति को लागू करने के लिए निगम को ऑनलाइन पोर्टल व परामर्श समर्थन के लिए एजैंसी के रूप में नामित किया गया है। उन्होंने कहा कि ‘ई-भूमि’ पोर्टल एक पारदर्शी तंत्र है। किसानों को ओने-पोने दामों में अपनी भूमि बेचनी नहीं पड़ेगी।