हरियाणा कांग्रेस की कमजोरियों पर हाईकमान गंभीर, प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र ने राहुल गांधी से मुलाकात कर भविष्य की रणनीति पर की चर्चा

Edited By Krishan Rana, Updated: 12 Nov, 2026 01:48 PM

the party high command is concerned about the weaknesses within the haryana cong

हरियाणा कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने दिल्ली में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से

चंडीगढ़ (चन्द्र शेखर धरणी): हरियाणा कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने दिल्ली में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच हरियाणा की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों, पार्टी की गतिविधियों, संगठनात्मक मजबूती और भविष्य की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई। 

राव नरेंद्र सिंह ने राहुल गांधी को प्रदेश में कांग्रेस की ओर से चलाई जा रही गतिविधियों और संगठन निर्माण की प्रगति की जानकारी दी। राहुल गांधी ने भी हरियाणा में पार्टी कहां-कहां कमजोर है, किन क्षेत्रों में जनाधार बढ़ाने की जरूरत है और संगठन को मजबूत बनाने के लिए किस तरह का मंथन किया जा सकता है, इस पर चर्चा की।

इस मुलाकात का एक महत्वपूर्ण राजनीतिक पहलू यह है कि राव नरेंद्र सिंह को केवल नाम के प्रदेशाध्यक्ष के बजाय कांग्रेस हाईकमान के एजेंडे को जमीन पर लागू करने वाले नेता के रूप में देखा जा रहा है। प्रदेशाध्यक्ष बनने के पहले दिन से ही वे संगठन निर्माण, सामाजिक समीकरणों और पार्टी के विस्तार को लेकर सक्रिय नजर आ रहे हैं। 

वे लगातार पूरे हरियाणा का दौरा कर रहे हैं, लेकिन उनके कार्यक्रमों में जीटी रोड बेल्ट और पंजाबी बाहुल्य क्षेत्रों पर विशेष फोकस दिखाई दे रहा है। इसे कांग्रेस की उस रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है, जिसके तहत पार्टी गैर-जाट क्षेत्रों में अपना पुराना जनाधार दोबारा मजबूत करना चाहती है।

गैर-जाट क्षेत्रों में घटते जनाधार पर कांग्रेस की चिंता
राजनीतिक समीक्षकों के अनुसार, कांग्रेस हाईकमान पिछले करीब दो दशकों से हरियाणा के गैर-जाट क्षेत्रों में पार्टी के घटते जनाधार को लेकर चिंतित रहा है। प्रदेश की राजनीति में जाट और गैर-जाट समीकरण हमेशा महत्वपूर्ण रहे हैं। कांग्रेस के सामने चुनौती रही है कि वह सभी सामाजिक वर्गों को साथ लेकर प्रदेशव्यापी राजनीतिक आधार कैसे तैयार करे। 

कुछ राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि प्रदेशाध्यक्ष पद पर गैर-जाट नेताओं की नियुक्तियों के बावजूद पार्टी गैर-जाट मतदाताओं के बीच अपेक्षित राजनीतिक विश्वास कायम नहीं कर पाई। ऐसे में अब केवल नेतृत्व में प्रतिनिधित्व नहीं, बल्कि संगठन और स्थानीय स्तर पर भागीदारी बढ़ाना भी पार्टी की रणनीति का हिस्सा हो सकता है।

पंजाबी समाज को दोबारा जोड़ने की कवायद
राव नरेंद्र सिंह के जीटी रोड बेल्ट और पंजाबी बाहुल्य क्षेत्रों में विशेष संपर्क को इसी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। कांग्रेस के लिए पंजाबी समाज का राजनीतिक समर्थन एक महत्वपूर्ण विषय रहा है। वर्ष 1991 से 1996 तक भजनलाल के मुख्यमंत्री कार्यकाल में पंजाबी समाज की सरकार में अच्छी भागीदारी रही थी।

उस दौर में करीब दस पंजाबी नेताओं के मंत्री होने का उल्लेख राजनीतिक चर्चाओं में किया जाता है। अब कांग्रेस के सामने यह समझने की चुनौती है कि पंजाबी समुदाय का एक बड़ा हिस्सा समय के साथ पार्टी से दूर होकर भाजपा की ओर क्यों गया और उसे दोबारा कांग्रेस से जोड़ने के लिए क्या प्रयास किए जाने चाहिए।

पार्टी के भीतर इस बात पर भी मंथन हो रहा है कि पंजाबी समाज को केवल चुनाव के समय संपर्क करने के बजाय संगठनात्मक जिम्मेदारियों, राजनीतिक प्रतिनिधित्व और स्थानीय नेतृत्व में उचित भागीदारी दी जाए। जीटी रोड बेल्ट के शहरी और अर्धशहरी क्षेत्रों में पंजाबी मतदाताओं की भूमिका को देखते हुए यह रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण विषय बन गया है।

1996 से 2014 तक गैर-जाट मुख्यमंत्री नहीं बना
हरियाणा के राजनीतिक इतिहास का एक और पहलू कांग्रेस के इस मंथन में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वर्ष 1996 से 2014 के बीच प्रदेश में अलग-अलग दलों की सरकारें बनीं, लेकिन इस अवधि में कोई गैर-जाट मुख्यमंत्री नहीं बना। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस लंबे दौर के सामाजिक और राजनीतिक समीकरणों का असर गैर-जाट समुदायों की राजनीतिक भागीदारी और दलों के प्रति उनके दृष्टिकोण पर भी पड़ा। अब कांग्रेस इन वर्गों के बीच अपनी स्वीकार्यता बढ़ाने के लिए नए सिरे से रणनीति बनाने की जरूरत महसूस कर रही है।

सभी वरिष्ठ नेताओं को साथ लेकर संगठन निर्माण
राव नरेंद्र सिंह के प्रदेशाध्यक्ष बनने के बाद पार्टी के भीतर सभी वरिष्ठ नेताओं को साथ लेकर चलने की कोशिश भी चर्चा में है। भूपेंद्र सिंह हुड्डा, चौ. बीरेंद्र सिंह, कुमारी सैलजा, रणदीप सुरजेवाला और अशोक तंवर जैसे नेताओं के साथ संगठनात्मक तालमेल स्थापित करना उनके सामने बड़ी जिम्मेदारी रही है। हरियाणा कांग्रेस में लंबे समय से अलग-अलग गुटों की चर्चा होती रही है। ऐसे माहौल में सभी नेताओं और उनके समर्थकों को संगठनात्मक गतिविधियों से जोड़ने का प्रयास महत्वपूर्ण है।

उनके कार्यकाल में ब्लॉक और मंडल स्तर पर अध्यक्षों की नियुक्तियों के जरिए संगठन निर्माण को गति मिली है। पिछले करीब 12 वर्षों से लंबित संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने की प्रक्रिया अब आगे बढ़ी है। राव नरेंद्र सिंह लगातार जिलों का दौरा कर कार्यकर्ताओं से संवाद कर रहे हैं।

राहुल गांधी के साथ हुई इस मुलाकात को इसी व्यापक राजनीतिक रणनीति के संदर्भ में देखा जा रहा है। अब कांग्रेस के सामने संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ जाट, गैर-जाट, पंजाबी और अन्य सामाजिक वर्गों के बीच संतुलन स्थापित करने की चुनौती है। राव नरेंद्र सिंह की सक्रियता और हाईकमान के एजेंडे के अनुरूप उनकी संगठनात्मक कवायद आने वाले समय में हरियाणा कांग्रेस की राजनीतिक दिशा तय करने वाले महत्वपूर्ण विषयों में शामिल रहेगी।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)    

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!