कैथल समेत 4 जिलों में प्रदूषण पर हाई अलर्ट,  पराली जलाने पर किसान ही नहीं, फैक्ट्री मालिकों पर भी होगा एक्शन

Edited By Harman, Updated: 12 Nov, 2026 02:54 PM

high alert for pollution in 4 districts including kaithal

कैथल की जहरीली हवा और लगातार बढ़ रहे प्रदूषण को लेकर केंद्रीय वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ने सख्ती दिखाई है। आयोग के सदस्य डॉ. एसडी अत्री ने जिला सचिवालय में कैथल, करनाल, कुरुक्षेत्र और जींद के डीसी, एसपी सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समीक्षा...

कैथल (जयपाल रसूलपुर) : कैथल की जहरीली हवा और लगातार बढ़ रहे प्रदूषण को लेकर केंद्रीय वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ने सख्ती दिखाई है। आयोग के सदस्य डॉ. एसडी अत्री ने जिला सचिवालय में कैथल, करनाल, कुरुक्षेत्र और जींद के डीसी, एसपी सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक के बाद उन्होंने स्पष्ट किया कि इस सीजन में प्रदूषण फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। चाहे वह किसान हो, फैक्ट्री मालिक हो या कोई अन्य व्यक्ति।

मीडिया से बातचीत में डॉ. एसडी अत्री ने बताया कि चारों जिलों के अधिकारियों ने उन्हें विश्वास दिलाया है कि प्रदूषण नियंत्रण के लिए उनके स्तर पर जो भी कार्रवाई जरूरी है, वह की जाएगी। सभी अधिकारी अपने-अपने जिलों में किसानों को पराली न जलाने के लिए जागरूक कर रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले दिनों में कैथल सहित चारों जिलों में प्रदूषण का स्तर कम होगा।

अगले 10 दिन सभी को रहना होगा सजग

डॉ. एसडी अत्री ने कहा कि अब अगले 10 दिन का समय बेहद महत्वपूर्ण है। इस दौरान सभी को सजग रहना होगा। पराली जलाने की प्रथा को खत्म करना जरूरी है, क्योंकि इससे वायु गुणवत्ता खराब होती है और इसका असर सभी लोगों पर पड़ता है। इसमें परिवारों के साथ बच्चे भी शामिल हैं। इसलिए किसानों और प्रशासन को मिलकर इस समस्या से निपटना होगा।

आगजनी वाले क्षेत्रों के नोडल अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस

आयोग के सदस्य ने बताया कि जिन क्षेत्रों में पराली जलाने की घटनाएं सामने आई हैं, वहां के जिम्मेदार नोडल अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। नोटिस के जवाब मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने साफ कहा कि इस सीजन में प्रदूषण फैलाने के मामले में किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। किसान हो या फैक्ट्री मालिक, जो भी नियमों का उल्लंघन करेगा, उसके खिलाफ एक्शन जरूर लिया जाएगा।

किसान संघ ने रास्ते में रोककर उठाए थे सवाल

जिला सचिवालय पहुंचने पर भारतीय किसान संघ के प्रतिनिधियों ने डॉ. एसडी अत्री को रास्ते में रोककर किसानों पर हो रही कार्रवाई का मुद्दा उठाया था। किसान प्रतिनिधियों ने कहा कि थोड़ी सी आग लगाने पर किसानों के खिलाफ मुकदमे दर्ज हो जाते हैं और रेड एंट्री कर दी जाती है। किसानों को प्रताड़ित करने की बजाय प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। इस पर डॉ. अत्री ने जवाब दिया था कि किसानों को बिल्कुल प्रोत्साहित करना है।

AQI 443 पहुंचा, एक दिन में पराली जलाने के 24 मामले आए सामने

कैथल में प्रदूषण की स्थिति लगातार गंभीर बनी हुई है। शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 443 तक पहुंच गया था। वहीं एक ही दिन में पराली जलाने के 24 मामले सामने आए थे। इसके बाद जिले में पराली जलाने की घटनाओं का आंकड़ा 42 तक पहुंच गया था। ऐसे में केंद्रीय आयोग के सदस्य का दौरा और चार जिलों के अधिकारियों के साथ हुई समीक्षा बैठक अहम मानी जा रही है। अब देखना होगा कि अगले 10 दिनों में प्रशासन प्रदूषण नियंत्रण के लिए कितनी प्रभावी कार्रवाई कर पाता है।


 

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!