Edited By Harman, Updated: 05 Sep, 2026 03:16 PM

यूजीसी के नए इक्विटी नियमों को लेकर स्वर्ण समाज एवं विभिन्न सामाजिक और व्यापारिक संगठनों का विरोध लगातार तेज होता जा रहा है। इसी कड़ी में आगामी 7 सितंबर को पलवल बंद का आह्वान किया गया है।
पलवल (दिनेश कुमार) : यूजीसी के नए इक्विटी नियमों को लेकर स्वर्ण समाज एवं विभिन्न सामाजिक और व्यापारिक संगठनों का विरोध लगातार तेज होता जा रहा है। इसी कड़ी में आगामी 7 सितंबर को पलवल बंद का आह्वान किया गया है। इस दिन शहर के प्रमुख बाजार बंद रखे जाएंगे तथा मीनार गेट को जंतर-मंतर का स्वरूप देते हुए शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। प्रदर्शन को लेकर शहर में जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है।
पलवल ब्राह्मण सभा के अध्यक्ष अमन भारद्वाज ने शनिवार को प्रेस वार्ता कर आंदोलन की तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यूजीसी के बैक रोल और नए इक्विटी नियमों को लेकर समाज में रोष है। उन्होंने पलवल के व्यापारियों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों से 7 सितंबर को अधिक से अधिक संख्या में मीनार गेट पहुंचकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन को सफल बनाने का आह्वान किया।
अमन भारद्वाज ने कहा कि प्रदर्शन के समर्थन में शहर के व्यापारियों में भी भारी उत्साह है और पलवल के समस्त बाजार बंद रहेंगे। उन्होंने बताया कि लोगों को आंदोलन के उद्देश्य और मांगों के प्रति जागरूक करने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। आयोजकों का दावा है कि प्रदर्शन में बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे।
उन्होंने बताया कि पूर्व विधायक नयनपाल रावत भी समर्थकों के बड़े हुजूम के साथ धरना स्थल पर पहुंचकर आंदोलन को समर्थन देंगे। इससे प्रदर्शन में बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की संभावना है। प्रेस वार्ता के दौरान हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष बलराम गुप्ता, प्रदेश संगठन मंत्री प्रवीण गर्ग, वैश्य अग्रवाल सभा के जिला प्रधान ओमप्रकाश गुप्ता, सुशील काले, एडवोकेट मुनीष भारद्वाज, चंदीराम गुप्ता और शांतनु ठाकुर सहित अन्य पदाधिकारी एवं सामाजिक प्रतिनिधि मौजूद रहे। आयोजकों ने कहा कि 7 सितंबर का प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहेगा और इसमें समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए संपर्क अभियान जारी है। प्रदर्शन को लेकर शहर के व्यापारिक एवं सामाजिक संगठनों में तैयारियां तेज हो गई हैं।