Edited By Isha, Updated: 10 Nov, 2026 05:09 PM

दिवंगत आईपीएस अधिकारी वाई पूरण कुमार की बेटी को अनुकंपा आधार पर नौकरी देने के बजाय अब उनकी आईएएस पत्नी अमनीत पी कुमार को सात साल तक अनुकंपा वित्तीय सहायता (सीएफए) मिलेगी। इसके तहत उन्हें दिवंगत अधिकारी
चंडीगढ़: दिवंगत आईपीएस अधिकारी वाई पूरण कुमार की बेटी को अनुकंपा आधार पर नौकरी देने के बजाय अब उनकी आईएएस पत्नी अमनीत पी कुमार को सात साल तक अनुकंपा वित्तीय सहायता (सीएफए) मिलेगी। इसके तहत उन्हें दिवंगत अधिकारी के अंतिम वेतन के बराबर मासिक सहायता राशि दी जाएगी। साथ ही नियमानुसार महंगाई भत्ता और फिक्स्ड मेडिकल अलाउंस भी मिलेगा। मुख्यमंत्री के निर्देश पर डीजीपी ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं।
दरअसल, अमनीत पी. कुमार ने सितंबर में मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर बेटी की हरियाणा सिविल सेवा (एचसीएस) में अनुकंपा नियुक्ति का दावा वापस लेने और इसके बजाय परिवार को अनुकंपा वित्तीय सहायता देने की मांग की थी। अक्तूबर के अंत में मुख्यमंत्री से मंजूरी मिलने के बाद अब इस संबंध में विभागीय आदेश जारी किए गए हैं।
नियमानुसार मकान किराया भत्ता भी दो साल तक मिलेगा। लाभार्थी के पुनर्विवाह या मृत्यु होने पर यह सहायता समाप्त हो जाएगी। इसके अलावा पहले प्राप्त पारिवारिक पेंशन की राशि को बकाया सहायता राशि से समायोजित किया जाएगा।
11 सितंबर को सीएम को लिखा था पत्र
अमनीत पी. कुमार ने 11 सितंबर को मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर टर्मिनल सेवा लाभों के पुनर्निर्धारण की मांग की थी। उन्होंने मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव, मुख्य सचिव, डीजीपी और प्रधान महालेखाकार को भी पत्र की प्रति भेजी थी। इसमें स्पष्ट किया था कि परिवार अब बेटी की अनुकंपा नियुक्ति का दावा आगे नहीं बढ़ाना चाहता।
अमनीत पी. कुमार ने हरियाणा सिविल सेवा (अनुकंपा वित्तीय सहायता या नियुक्ति) नियम-2019 का हवाला देते हुए कहा था कि नियमों के तहत कर्मचारी की मृत्यु के समय आयु 52 वर्ष से कम होने पर ही अनुकंपा नियुक्ति का प्रावधान लागू होता है। उनके पति की मृत्यु के समय आयु 52 वर्ष से अधिक थी। ऐसे में परिवार ने अनुकंपा नियुक्ति का दावा छोड़कर वित्तीय सहायता का विकल्प चुना।
यह है मामला
सात अक्तूबर 2025 को आईपीएस अधिकारी वाई. पूरण कुमार ने चंडीगढ़ स्थित अपने आवास पर गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी। उनके सुसाइड नोट के आधार पर चंडीगढ़ पुलिस ने तत्कालीन डीजीपी शत्रुजीत कपूर सहित 10 से अधिक आईपीएस अधिकारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी।