Edited By Vatika, Updated: 16 Nov, 2026 03:23 PM

माछीवाड़ा पुलिस थाने के पास सोमवार सुबह हुए सड़क हादसे में स्कूल जा रहे 18 वर्षीय छात्र रणजोत
माछीवाड़ा साहिब (टक्कर): माछीवाड़ा पुलिस थाने के पास सोमवार सुबह हुए सड़क हादसे में स्कूल जा रहे 18 वर्षीय छात्र रणजोत सिंह निवासी गांव जीवनपुर की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब सामने से गलत साइड आ रहे मोटरसाइकिल सवारों ने उसके वाहन को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि रणजोत गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, रणजोत सिंह रोजाना की तरह अपने गांव जीवनपुर से स्कूल जाने के लिए निकला था। जब वह माछीवाड़ा थाने के पास पहुंचा तो सामने से गलत दिशा में आ रहे बाइक सवारों ने उसके वाहन को टक्कर मार दी। घायल रणजोत को तुरंत माछीवाड़ा अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे रेफर कर दिया। इसके बाद उसे फोर्टिस अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
रणजोत सिंह 12वीं कक्षा का छात्र था और अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसके पिता बलजिंदर सिंह पटवारी के पद पर कार्यरत हैं। बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं, गांव में शोक की लहर है और उसके स्कूल के साथी भी गमगीन हैं। थाना प्रभारी चरणजीत सिंह ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिवार के सदस्यों के बयान दर्ज करने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि हादसे के जिम्मेदार मोटरसाइकिल सवारों को जल्द काबू कर लिया जाएगा। वहीं, घटनास्थल पर मौजूद लोगों के अनुसार, हादसा करने वाले बाइक सवार नशे की हालत में लग रहे थे। पुलिस इस पहलू से भी जांच कर रही है।