Edited By Manisha rana, Updated: 12 Jun, 2026 04:57 PM

रेवाड़ी शहर के गुलाबी बाग क्षेत्र में चोरों ने बंद मकान का ताला तोड़ लाखों रुपये के गहने, नकदी और अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। वारदात उस समय हुई जब घर के सदस्य झज्जर जिले में अपने रिश्तेदारों के पास गए हुए थे।
रेवाड़ी (महेंद्र भारती) : रेवाड़ी शहर के गुलाबी बाग क्षेत्र में चोरों ने बंद मकान का ताला तोड़ लाखों रुपये के गहने, नकदी और अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। वारदात उस समय हुई जब घर के सदस्य झज्जर जिले में अपने रिश्तेदारों के पास गए हुए थे। चोरी की पूरी घटना गली में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। सूचना मिलने पर रामपुरा थाना पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता ने बताया कि उनके पिता भारत-तिब्बत सीमा पुलिस में दिल्ली में तैनात हैं। 9 जून को उनके पिता ड्यूटी पर थे, जबकि परिवार के अन्य सदस्य झज्जर स्थित बहन के घर चले गए थे। बहन के पति झांडली प्लांट में कार्यरत हैं और उन्होंने परिवार को प्लांट दिखाने के लिए बुलाया था। रितिक ने बताया कि 10 जून की देर शाम जब वे घर लौटे तो मुख्य द्वार सही स्थिति में था, लेकिन अंदर प्रवेश करने पर गैलरी और अलमारियों के ताले टूटे हुए मिले। जांच करने पर पता चला कि घर से सोने-चांदी के आभूषण, करीब 15 हजार रुपये नकद, दुल्हन का लहंगा तथा अन्य कीमती सामान चोरी हो चुका था।
पीड़ित परिवार के अनुसार इसी साल 5 फरवरी को उनकी बहन की शादी हुई थी। शादी का लहंगा और अन्य सामान घर में रखा हुआ था, जिसे भी चोर अपने साथ ले गए। सीसीटीवी फुटेज में दो युवक चोरी के बाद घर से निकलते दिखाई दे रहे हैं। फुटेज के अनुसार 10 जून की रात करीब 1:25 बजे युवक खाली हाथ आगे चलता नजर आता है, जबकि दूसरा युवक कंधे पर बैग लटकाए उसके पीछे चल रहा है। कुछ दूरी पर पहुंचने के बाद बैग लिए युवक गली में खड़ी पड़ोसी की मोटरसाइकिल उठाकर उस पर सवार हो जाता है और धीरे-धीरे आगे बढ़ते हुए आंखों से ओझल हो जाता है। घटना की सूचना मिलने पर रामपुरा थाना पुलिस तथा अपराध जांच टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)