Edited By Harman, Updated: 17 Nov, 2026 06:20 PM

सोनीपत में एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने तहसीलदार कार्यालय के कंप्यूटर ऑपरेटर मनजीत को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है
सोनीपत (सुशील मोर) : सोनीपत में एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने तहसीलदार कार्यालय के कंप्यूटर ऑपरेटर मनजीत को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। मामला जमीन की तकसीम के बाद उसकी नकल देने से जुड़ा है। शिकायतकर्ता जोगिंदर निवासी कुमासपुर के मुताबिक, आरोपी पहले ही उससे 10 हजार रुपये वसूल चुका था और करीब एक महीने से नकल देने के नाम पर उसे लगातार टाल रहा था। आखिरकार शिकायत एसीबी तक पहुंची और रिश्वतखोरी के इस खेल का पर्दाफाश हो गया।
जमीन की तकसीम करने पर मांगे थे 30 हजार
मिली जानकारी के अनुसार, गांव कुमासपुर निवासी जोगिंदर ने सोनीपत एंटी करप्शन ब्यूरो को शिकायत दी थी। शिकायत में बताया गया कि जमीन की तकसीम होने के बाद उसकी नकल देने के बदले तहसीलदार कार्यालय में तैनात कंप्यूटर ऑपरेटर मनजीत 20 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपी पहले ही उससे 10 हजार रुपये ले चुका था। इसके बावजूद करीब एक महीने से नकल देने के नाम पर उसे लगातार टालमटोल कर परेशान किया जा रहा था। शिकायत मिलने के बाद सोनीपत एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने जाल बिछाया और आज 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए कंप्यूटर ऑपरेटर मनजीत को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। एसीबी की कार्रवाई के बाद तहसील कार्यालय में हड़कंप मचा हुआ है।
वहीं मामले की जानकारी देते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो के इंस्पेक्टर भगत सिंह ने बताया कि गांव कुमासपुर निवासी जोगिंदर की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई है।शिकायतकर्ता ने शिकायत दी थी कि जमीन की तकसीम के बाद नकल देने के बदले कंप्यूटर ऑपरेटर मनजीत उससे 20 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा है। शिकायत के आधार पर एसीबी की टीम ने जाल बिछाया और आरोपी को 20 हजार रुपये लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।वहीं, इस पूरे मामले में तहसील कार्यालय के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका भी जांच के दायरे में आ सकती है।