Edited By Harman, Updated: 02 Oct, 2026 08:03 AM

हरियाणा में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत मसौदा मतदाता सूची पर दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की प्रक्रिया
हरियाणा डेस्क : हरियाणा में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत मसौदा मतदाता सूची पर दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की प्रक्रिया 30 सितंबर को समाप्त हो गई। अब प्राप्त दावों और आपत्तियों का निपटारा 28 अक्टूबर तक किया जाएगा, जबकि अंतिम मतदाता सूची 6 नवंबर को प्रकाशित होगी।
अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि नए मतदाताओं के पंजीकरण के लिए फॉर्म-6 के तहत 3,77,987 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें सबसे अधिक 39,985 आवेदन गुरुग्राम से, 33,463 फरीदाबाद और 22,001 हिसार से आए हैं। सबसे कम आवेदन चरखी दादरी से 7,095, पंचकूला से 8,786 और नूंह से 9,087 मिले हैं। फॉर्म-7 के तहत मतदाता सूची से नाम हटाने के लिए 40,162 आवेदन मिले हैं। इनमें पानीपत से 3,600, हिसार से 2,790 और सिरसा से 2,539 आवेदन शामिल हैं। वहीं, फॉर्म-8 के तहत विवरण में सुधार, पता बदलने और मतदाता पहचान पत्र के प्रतिस्थापन के लिए 2,14,693 आवेदन प्राप्त हुए हैं।
अधिकारी ने बताया कि मैपिंग प्रक्रिया के दौरान विसंगतियों को लेकर 44,91,691 नोटिस जारी किए गए थे। इनमें 40,56,716 मामलों की सुनवाई पूरी हो चुकी है, जबकि 4,34,975 मामले लंबित हैं। सबसे अधिक लंबित मामले फरीदाबाद, करनाल और हिसार में हैं। उन्होंने ईआरओ को सभी लंबित मामलों का निर्धारित समय में निपटारा करने और निर्वाचन आयोग के निर्देशों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए। मतदाताओं से कहा गया है कि नोटिस मिलने पर घबराएं नहीं और संबंधित निर्वाचन अधिकारी के समक्ष उचित दस्तावेजों के साथ अपना पक्ष रखें। अपात्र पाए गए मतदाताओं और खारिज फॉर्म-6 आवेदनों की पुन: जांच भी की जाएगी। उचित कारण के बिना किसी मतदाता का नाम सूची से नहीं हटाया जाएगा।