Edited By Isha, Updated: 16 Sep, 2026 01:50 PM

शहर के ज्वेल्स रोड पर अलसुबह एक युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतक की पहचान मूल रूप से उत्तर प्रदेश के आगरा निवासी 35-36 वर्षीय कालीचरण के रूप में हुई है। कालीचरण पिछले
करनाल: शहर के ज्वेल्स रोड पर अलसुबह एक युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतक की पहचान मूल रूप से उत्तर प्रदेश के आगरा निवासी 35-36 वर्षीय कालीचरण के रूप में हुई है। कालीचरण पिछले 10 सालों से करनाल के मॉडल टाउन इलाके में पेठा बनाने का काम करता था और अपने भाई व अन्य साथियों के साथ यहीं रहता था।
मिली जानकारी के अनुसार, कालीचरण मंगलवार रात ट्रेन पकड़कर आगरा से वापस करनाल लौट रहा था। रेलवे स्टेशन पर उतरने के बाद वह अपने कमरे के लिए पैदल निकला, लेकिन घर नहीं पहुंचा। जब सुबह तक वह अपने कमरे पर नहीं पहुंचा तो उसके भाई और साथियों ने उसकी तलाश शुरू की। परिजन उसे तलाशते हुए रेलवे स्टेशन भी गए, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसी दौरान परिजनों को स्थानीय पुलिस चौकी से फोन आया, जहाँ उन्हें कालीचरण की मौत की दुखद सूचना मिली।
घटनास्थल ज्वेल्स रोड पर चारों तरफ खून बिखरा हुआ मिला, जो वारदात की भयावहता को दर्शाता है। मृतक के शरीर पर गहरे कट के निशान पाए गए हैं। पुलिस का शुरुआती अनुमान है कि हमलावरों ने उस पर चाकू या फिर कांच की बोतल जैसे किसी तेजधार हथियार से जानलेवा हमला किया है।
घटना की सूचना मिलते ही करनाल सिविल लाइन थाना पुलिस, सीआईए-2 (CIA-2) और एफएसएल (FSL) की फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है और आसपास के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
3 बच्चों के पिता थे कालीचरण, परिवार में पसरा मातम
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए करनाल के कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज व अस्पताल के शवगृह (Postmortem House) में रखवा दिया है। घटना की सूचना आगरा में रह रहे कालीचरण के परिजनों को दे दी गई है। मृतक अपने पीछे 3 मासूम बच्चों को छोड़ गया है, जिसकी खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर एंगल (रंजिश, लूटपाट या आपसी विवाद) से गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।