Edited By Pawan Kumar Sethi, Updated: 25 Nov, 2026 06:52 PM

डीसी उत्तम सिंह ने बताया कि सरकारी स्कूलों की शैक्षणिक गुणवत्ता और कार्यप्रणाली में सुधार के लिए प्रशासनिक अधिकारियों की जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी।
गुड़गांव,(ब्यूरो): डीसी उत्तम सिंह ने बताया कि सरकारी स्कूलों की शैक्षणिक गुणवत्ता और कार्यप्रणाली में सुधार के लिए प्रशासनिक अधिकारियों की जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने बताया कि कि हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने निर्देश दिए हैं कि क्लास-I और II के अधिकारियों की वार्षिक गोपनीय रिपोर्ट (एसीआर) में उनके द्वारा गोद लिए गए स्कूलों, स्कूलों के दौरों और निरीक्षणों का विवरण दर्ज करने के लिए एक विशेष कॉलम जोड़ा जाएगा।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
डीसी ने कहा कि एसीआर में जोड़े जाने वाले विशेष कॉलम में अधिकारी द्वारा गोद लिए गए स्कूल का नाम, वहां किए गए दौरों की संख्या और निरीक्षण के दौरान की गई समीक्षा का विवरण दर्ज किया जाए। इसके अतिरिक्त, अधिकारियों को अपनी वार्षिक स्व-मूल्यांकन रिपोर्ट के साथ स्कूल निरीक्षण रिपोर्ट भी संलग्न करनी होगी। डीसी ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य अधिकारियों की नियमित भागीदारी के माध्यम से सरकारी स्कूलों की कार्यप्रणाली को बेहतर बनाना है। उन्होंने अधिकारियों को विद्यार्थियों और शिक्षकों से बातचीत करने, शिक्षण गतिविधियों की स्थिति समझने, उपलब्ध सुविधाओं के उपयोग की समीक्षा करने तथा सुधार की आवश्यकता वाले क्षेत्रों की पहचान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस पहल का अंतिम उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि प्रत्येक स्कूल अपनी पूरी क्षमता के अनुरूप बेहतर ढंग से कार्य करे।
डीसी ने बताया कि मुख्य सचिव ने यह भी निर्देश दिए हैं कि स्कूलों का निरीक्षण निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के अनुसार किया जाए और निरीक्षण के दौरान सामने आए तथ्यों एवं सुझावों को उचित रूप से दर्ज किया जाए, ताकि उन पर आगे आवश्यक कार्रवाई की जा सके। उन्होंने कहा कि एसीआर में निरीक्षण संबंधी विवरण शामिल करने से प्रशासनिक जिम्मेदारी और स्कूलों के वास्तविक सुधार के बीच बेहतर तालमेल स्थापित होगा। इस व्यवस्था से स्कूलों में उपलब्ध सुविधाओं, शिक्षण व्यवस्था और संसाधनों के उपयोग की नियमित निगरानी हो सकेगी। साथ ही, सामने आने वाली कमियों की पहचान कर समय पर सुधारात्मक कदम उठाने में भी मदद मिलेगी।