Edited By Isha, Updated: 20 Nov, 2026 08:54 AM

हरियाणा के करनाल स्थित यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के तत्कालीन शाखा प्रबंधक को रिश्वत लेने के मामले में सीबीआई की विशेष अदालत ने तीन साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। अदालत ने दोषी पर 25 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है।
चंडीगढ़( चन्द्र शेखर धरणी): हरियाणा के करनाल स्थित यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के तत्कालीन शाखा प्रबंधक को रिश्वत लेने के मामले में सीबीआई की विशेष अदालत ने तीन साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। अदालत ने दोषी पर 25 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है।
सीबीआई के अनुसार, दोषी नरेश कुमार पासी यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की सेक्टर-6, करनाल शाखा में शाखा प्रबंधक के पद पर तैनात था। उसने एक शिकायतकर्ता से 1.25 लाख रुपये की आवास ऋण की किस्त जारी करने के बदले 25 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी।
इस मामले में सीबीआई ने 18 दिसंबर 2018 को आरोपी के खिलाफ रिश्वत मांगने के आरोप में केस दर्ज किया था। शिकायत के आधार पर सीबीआई ने उसी दिन जाल बिछाया और आरोपी शाखा प्रबंधक को शिकायतकर्ता से 25 हजार रुपये की रिश्वत मांगते और स्वीकार करते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया था।
जांच पूरी होने के बाद सीबीआई ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 के तहत विशेष अदालत में आरोपपत्र दाखिल किया। मामले की सुनवाई के दौरान पेश किए गए साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर अदालत ने आरोपी को दोषी करार दिया।
19 नवंबर 2026 को पंचकूला स्थित सीबीआई की विशेष अदालत ने नरेश कुमार पासी को तीन साल के कठोर कारावास और 25 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई। सीबीआई ने इसे रिश्वतखोरी के मामले में न्यायिक कार्रवाई का परिणाम बताया है।