दाखिले के दौरान नियम बदलने पर लुवास को हाईकोर्ट का झटका, संशोधन आदेश रद्द

Edited By Harman, Updated: 19 Nov, 2026 06:09 PM

high court setback for luvas over rule changes during admissions

दाखिला प्रक्रिया शुरू होने के बाद प्रवेश की पात्रता से जुड़े नियमों में बदलाव करना हिसार स्थित लाला लाजपत राय पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय (लुवास) को भारी पड़ गया।

चंडीगढ़ (चन्द्र शेखर धरणी) : दाखिला प्रक्रिया शुरू होने के बाद प्रवेश की पात्रता से जुड़े नियमों में बदलाव करना हिसार स्थित लाला लाजपत राय पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय (लुवास) को भारी पड़ गया। पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने विश्वविद्यालय की ओर से 27 अगस्त 2026 को जारी संशोधन आदेश को रद कर दिया है। इस संशोधन के जरिए शैक्षणिक सत्र 2026-27 में पशु चिकित्सा विज्ञान एवं पशुपालन स्नातक पाठ्यक्रम की एनआरआई श्रेणी की सीटों पर दाखिले के लिए नीट की अनिवार्यता समाप्त कर दी गई थी।

हाईकोर्ट ने अपने फैसले में साफ किया कि विश्वविद्यालय दाखिले से संबंधित नियमों में भविष्य के लिए बदलाव कर सकता है, लेकिन एक बार प्रवेश प्रक्रिया शुरू होने के बाद पहले से निर्धारित पात्रता की मूल शर्तों को बदलकर अभ्यर्थियों के अवसर प्रभावित नहीं कर सकता। आवेदन की अंतिम तिथि शेष होने का मतलब यह नहीं है कि विश्वविद्यालय को बीच प्रक्रिया में पात्रता के नियम बदलने की खुली छूट मिल गई है।

मामले के अनुसार, याचिकाकर्ता के पिता लुवास में नियमित कर्मचारी हैं और पशु चिकित्सा पशुधन विकास सहायक के पद पर कार्यरत हैं। याचिकाकर्ता ने वर्ष 2024 में 12वीं की परीक्षा पास की थी। उसने नीट-2026 में 720 में से 302 अंक हासिल किए थे और विश्वविद्यालय के स्नातक पाठ्यक्रम में प्रवेश लेना चाहता था। विश्वविद्यालय ने 21 अगस्त 2026 को दाखिला विवरणिका जारी की थी। इसमें एनआरआई कोटे की आठ सीटों के लिए यह शर्त रखी गई थी कि भारत से 12वीं की परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले अभ्यर्थियों को नीट-2026 पास करना अनिवार्य होगा।

याचिकाकर्ता ने हाईकोर्ट में दलील दी कि इस बदलाव से एनआरआई कोटे के लिए पात्र उम्मीदवारों की संख्या बढ़ जाएगी। इसका सीधा असर नियमित विश्वविद्यालय कर्मचारियों के बच्चों के लिए निर्धारित दो सीटों पर दाखिले की संभावनाओं पर भी पड़ सकता है। दूसरी ओर, विश्वविद्यालय ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि पिछले वर्षों में एनआरआई अभ्यर्थियों के लिए नीट की अनिवार्यता नहीं थी और इस वर्ष पहली बार यह शर्त शामिल की गई थी। कुछ अभ्यर्थियों ने भी इस पर आपत्ति जताई थी, क्योंकि नीट परीक्षा जून में हो चुकी थी और दाखिला विवरणिका जारी होने से पहले उन्हें इस शर्त की जानकारी नहीं थी। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद हाईकोर्ट ने प्रवेश प्रक्रिया के बीच पात्रता की मूल शर्तों में बदलाव को अनुचित माना। 

अदालत ने याचिका स्वीकार करते हुए विश्वविद्यालय का 27 अगस्त 2026 का संशोधन आदेश रद कर दिया। फैसले से यह सिद्धांत एक बार फिर स्पष्ट हुआ है कि किसी भी शैक्षणिक संस्थान को दाखिले की प्रक्रिया में पारदर्शिता और पहले से घोषित नियमों की स्थिरता बनाए रखनी होगी।

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!