कैथल में धान खरीद में फर्जीवाड़ा..जमीन एक ही पंजीकरण दो बार, पेमेंट दोनों के खातों में गई; पूरा मामला जान उड़ जाएंगे होश

Edited By Harman, Updated: 17 Nov, 2026 06:07 PM

fraud in paddy procurement in kaithal same land registered twice

कैथल जिले में इस बार धान सीजन में बड़े स्तर का फर्जीवाड़ा हुआ है। पहली बार ऐसा हुआ कि एक ही जमीन का दो अलग-अलग किसानों ने मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल पर पंजीकरण कराया।

कैथल (जयपाल रसूलपुर) : कैथल जिले में इस बार धान सीजन में बड़े स्तर का फर्जीवाड़ा हुआ है। पहली बार ऐसा हुआ कि एक ही जमीन का दो अलग-अलग किसानों ने मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल पर पंजीकरण कराया। एक ही जमीन व किल्ला नंबर की फसल को अलग- अलग मंडियों में बेचा और पेमेंट भी खातों में आई। इनमें एक तरफ असली जमीन का मालिक और दूसरी तरफ फर्जी किसान हैं। हैरानी की बात ये है कि फर्जी किसानों में कई किसान ऐसे हैं, जिनकी फैमिली आईडी नंबर भी एक जैसे हैं। यानी एक परिवार के अलग- अलग सदस्य फर्जी किसान बने हैं और कृषि विभाग के सबसे बड़े मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल में सेंध लगाकर फर्जीवाड़ा किया है। फर्जी किसानों ने पिहोवा मंडी में फसल बेची और फर्जी गेटपास कटवाए हैं। इसको लेकर किसान यूनियन के नेता प्रिंस वडैच ने भी मुद्दा उठाया है। भास्कर ने इस मामले में दस्तावेजों के जरिए गांव बरोट व फरल के खेतों में जाकर असली किसानों को ढुंढा और उनसे बात भी की। उन्होंने भी बात को स्वीकार किया उनकी जमीन का पोर्टल दूसरे गांवों की महिलाओं व पुरुषों के नाम है। पोर्टल दूसरे किसानों ने नाम चढ़ना सरकारी सिस्टम पर भी सवाल खड़े कर रहा है।

फर्जी पंजीकरण का सबसे ज्यादा धान पिहोवा मंडी की शिव शंकर ट्रेडिंग इंटरप्राइजेज, नीलकंठ ट्रेडिंग कंपनी व जयराम ट्रेडिंग कंपनी पर बेचा गया है। जिसके मालिक सुभाष, अजय, महावीर व इनके रिश्तेदार हैं। ये फर्म अगस्त 2026 में ही बनी हैं और सभी आपस में ग्रांटर भी बने हुए हैं। किसान नेता प्रिंस वडैच ने भी इन तीनों फर्मों के मालिकों पर बोगस पंजीकरण कराने के आरोप लगाए हैं। प्रिंस वडैच का कहना है कि इन सभी ने कृषि विभाग के किसी बड़े अधिकारी के साथ मिलकर मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल से फिल्टर को हटाकर सागबाज होकर काम किया है। जब भास्कर ने जाजनपुर निवासी सुभाष से बात की तो उन्होंने इन आरोपों को निराधार बताया और उन्होंने कहा कि जांच के बाद ही पता चलेगा। वहीं उन्होंने कबूल किया कि खुशी उनकी भतीजी है और गांव जाजनपुर की रहने वाली है। इसी खुशी ने गांव बरोट के किसान प्रवेश की जमीन का पंजीकरण कराया हुआ है। वहीं महावीर से बात की तो उन्होंने कुछ भी कहने से मना कर दिया।  

 इधर, अंदर खाते सरकार भी जांच कराने में जुटी, पटवारी वेरिफाई करने में लगे
सरकार भी इस मामले में अंदरखाते जांच कराने में जुट गई है। कृषि विभाग के महानिदेशक की ओर से कई जिलों के तहसीलदारों को पत्र लिखा है। इसके तहत संदिग्ध पंजीकरण वाली जमीनों का राजस्व रिकॉर्ड से मिलान और पटवारी स्तर पर सत्यापन कराया जा रहा है। इसमें ये जांच की जा रही है कि संबंधित जमीन का वास्तविक मालिक कौन है, जमीन का पंजीकरण पहले किसके नाम हुआ था और बाद में उसी मुरब्बा-किल्ला नंबर पर दूसरा पंजीकरण किस आधार पर स्वीकार किया गया।

ऐसे दिया जाता है धान घोटाले को अंजाम
सबसे पहले फर्जी किसान बनकर जमीन का पोर्टल पर पंजीकरण कराया जाता है। इसके बाद मार्केट कमेटी के अधिकारियों की मिलीभगत से धान को आढ़ती को बेचा दिखाया जाता है। जबकि धान मंडी में होती ही नहीं। ऐसे ही कागजों में ही फसल फर्जी नंबरों के ट्रकों में लोड होती है और मिलों में जाती है। पेमेंट सीधा किसान के खाते में जाती है। पेमेंट में से कुछ हिस्सा किसान को देकर बाकी का पैसाा आढ़ती, अधिकारियों व मिलर्स में बंटता है। जब सरकार को चावल जमा कराने की बारी आती है तो मिलर्स यूपी-बिहार से सस्ते दामों पर पुराना कच्चा चावल खरीदकर एफसीआई को जमा करा देते हैं।

भारतीय किसान यूनियन हरियाणा के प्रदेश प्रवक्ता प्रिंस वडैच ने बताया कि अबकी बार मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल घोटाला पोर्टल साबित हुआ है। हर साल घोटाला करने वाले गिरोह नए-नए तरीके निकालकर फर्जी पंजीकरण दर्ज करके करोड़ों का धान घोटाला कर रहे हैं। पोर्टल आने से पहले प्रदेश में औसतन 35 लाख टन धान हर साल बिकती थी। जो अब 60 से 62 लाख टन होने लगी है। इससे साफ है कि 25 से 30 लाख टन फर्जी खरीद हो रही है। अकेले पिहोवा में 400 से अधिक फर्जी किसानों ने 12 हजार एकड़ से अधिक की 100 करोड़ रुपए से ज्यादा की फर्जी धान कागजों में ही बेची दिखाई है। सरकार इसकी बारीकी से जांच कराए तो बड़े गिरोहों का पर्दाफाश होगा और सरकार के राजस्व की लूट की भरपाई हो सकेगी। पूरे प्रदेश में इस बार भी बड़े लेवल का धान घोटाला हुआ है। पिहोवा मंडी में कैथल के नौच के महावीर, जाजनपुर के सुभाष, अजय सहित अन्य के संगठित गिरोह ने पूरे घोटाले को अंजाम दिया। जिसमें मार्केट कमेटी से लेकर खरीद एजेंसियों के अधिकारी व राइस मिलर्स शामिल हैं। बायोमेट्रिक भी गिरोह के सदस्यों ने घर मशीनें ले जाकर किए हैं।

गांव बरोट के किसान प्रवेश की मुरब्बा नंबर 113 में 20 से अधिक एकड़ का रजिस्ट्रेशन प्रवेश के साथ गांव जाजनपुर की खुशी पुत्री विकास ने भी किया है। खुशी ने 23 एकड़ जमीन की पीआर धान को पिहोवा मंडी में बेचा दिखाया है। जबकि गांव बरोट में असली किसान प्रवेश व उसके चाचा के लड़के विक्रम ने ढांड मंडी में फसल बेची है। यानी जमीन के असली मालिकों ने भी इन्हीं किल्ला नंबर पर बोई फसल बेची और फर्जी रजिस्ट्रेशन कराने वाली खुशी ने भी इन्हीं किल्ला नंबरों की धान पिहोवा में बेच डाली और पेमेंट दोनों किसानों के खातों में आई है। बरोट के किसान विक्रम ने कहा कि खुशी पुत्री विकास हमारे गांव में ही नहीं है। ऐसे ही कई किसान फर्जी हैं, जिन्होंने हमारे पड़ोसियों की जमीन का भी पंजीकरण किया हुआ है।

गांव फरल में भी ऐसा ही मामला है। जिसमें मुरब्बा नंबर 181 के किल्ला नंबर का पंजीकरण दो अलग- अलग लोगों ने कराया है। असली मालिक गांव फरल के विक्रम राणा, संजीव राणा पुत्र रामपाल राणा आादि हैं, जबकि सुनैना शर्मा पुत्री सतबीर ने भी फरल की इसी जमीन का पंजीकरण मेरी फसल मेरा ब्यौरा पर किया हुआ है। फरल के किसानों ने ढांड मंडी में फसल बेची और सुनैना शर्मा ने पिहोवा में बेची दिखाई है। ऐसे 20 एकड़ से ज्यादा की फसल का फर्जी पंजीकरण कर फर्जी खरीद दिखाई है। गांव फरल के किसान गुरनाम ने बताया कि हमारे गांव में 150 एकड़ से अधिक का फर्जी किसानों ने डबल पंजीकरण किया हुआ है।

वहीं कृषि महानिदेशक की तरफ से अलग- अलग गांवों की लिस्ट आई हैं। जिसमें उन किसानों के खेतों में जाकर उनके किल्ला नंबरों का मिलानकर रिपोर्ट बनाने के आदेश हैं। इसको लेकर पटवारी से लेकर तहसीलदार फील्ड में हैं। कई जगहों का रिकार्ड प्राप्त भी कर लिया है। पूरे रिकार्ड को कृषि विभाग के डायरेक्टर को भेजा जाएगा। इसमें कई संदिग्ध गांवों के नामों का जिक्र है। इनमें किसान का नाम, किल्ला नंबर, कौन सी फसल थी और कहां बेची। पूरी जानकारी ली जा रही है।

इस मामले में हैफेड मैनेजर अनूप नैन ने बताया कि उन्हें मीडिया रिपोर्ट्स के माध्यम से जानकारी मिली है कि पिहोवा में कुछ किसानों ने मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल पर फर्जी तरीके से डबल पंजीकरण करवाकर धान की खरीद दिखाई है। यह पूरा मामला पिहोवा से जुड़ा हुआ है। प्रशासन की ओर से कैथल जिले के जिन गांवों के किसानों का डबल पंजीकरण सामने आया है, उनकी विभागीय जांच करवाई जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।

Related Story

    Trending Topics

    img title
    img title

    Be on the top of everything happening around the world.

    Try Premium Service.

    Subscribe Now!