Edited By Isha, Updated: 21 Nov, 2026 08:44 AM

हरियाणा में तेजी से हो रहे शहरी विकास और बुनियादी ढांचे के विस्तार के बीच निर्माण स्थलों से उठने वाली धूल व मलबा वायु प्रदूषण की गंभीर चुनौती बनता हरियाणा में तेजी से हो रहे शहरी विकास और बुनियादी ढांचे के विस्तार के बीच निर्माण स्थलों से उठने वाली...
चंडीगढ़(चन्द्र शेखर धरणी): हरियाणा में तेजी से हो रहे शहरी विकास और बुनियादी ढांचे के विस्तार के बीच निर्माण स्थलों से उठने वाली धूल व मलबा वायु प्रदूषण की गंभीर चुनौती बनता जा रहा है। प्रदेश में निर्माण एवं तोड़फोड़ से निकलने वाले कुल कचरे (सीएंडडी वेस्ट) का करीब 93 प्रतिशत हिस्सा अकेले गुरुग्राम और फरीदाबाद से निकलता है। निर्माण कार्यों के दौरान उड़ने वाली सीमेंट, रेत, बजरी और मिट्टी की बारीक धूल हवा में घुलकर लोगों के स्वास्थ्य को प्रभावित कर रही है। विशेष रूप से पीएम-10 और पीएम-2.5 जैसे सूक्ष्म कण सांस के जरिए शरीर में पहुंचकर फेफड़ों को नुकसान पहुंचा सकते हैं।
शहरी क्षेत्रों में प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए सरकार ने इस सीजन में सड़क की धूल कम करने, निर्माण स्थलों की निगरानी और मलबे के वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण के लिए कई कदम उठाए हैं। इसके तहत गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत, मानेसर, करनाल, पानीपत और रोहतक में कुल 748.89 किलोमीटर सड़कों का पुनर्विकास किया गया है। इन शहरों में सड़क सफाई के लिए आवश्यक 81 मैकेनाइज्ड स्वीपिंग मशीनों के मुकाबले 78 मशीनें तैनात की जा चुकी हैं। मशीनों के माध्यम से सड़कों पर जमा धूल को हटाने का काम किया जा रहा है, ताकि वाहनों की आवाजाही के दौरान धूल दोबारा हवा में न फैले।
मलबा प्रबंधन के लिए 44 कलेक्शन सेंटर स्थापित
निर्माण एवं तोड़फोड़ से निकलने वाले मलबे के अनियंत्रित ढेर और खुले में उसके परिवहन को रोकने के लिए भी व्यवस्था मजबूत की गई है। प्रदेश में इसके लिए सभी 44 सेकेंडरी कलेक्शन सेंटर स्थापित किए जा चुके हैं। मलबे को निर्धारित स्थानों तक पहुंचाने के लिए जीपीएस युक्त वाहनों का इस्तेमाल किया जा रहा है। इससे वाहनों की आवाजाही और मलबे के परिवहन पर निगरानी रखने में मदद मिलेगी।
इसके अलावा 500 वर्ग मीटर से अधिक क्षेत्रफल वाले निर्माण कार्यों से संबंधित 56 भवनों के नक्शे डस्ट पोर्टल पर दर्ज किए गए हैं। इसका उद्देश्य बड़े निर्माण स्थलों की पहचान कर वहां धूल नियंत्रण के उपायों की निगरानी करना है।
हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सदस्य सचिव योगेश कुमार ने बताया कि नगर निकायों को निर्माण स्थलों पर धूल के प्रसार को रोकने के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं। इनमें वीडियो निगरानी, प्रत्येक पखवाड़े स्व-मूल्यांकन, सेंसर लगाने, धूलरोधी पर्दों के इस्तेमाल और नियमित पानी के छिड़काव जैसे उपाय शामिल हैं। निर्माण एजेंसियों और संबंधित निकायों को इन व्यवस्थाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए गए हैं।
पीएम-2.5 के कण फेफड़ों के अंदर तक पहुंचते हैं
निर्माण स्थलों से निकलने वाली धूल का असर केवल आसपास के वातावरण तक सीमित नहीं रहता, बल्कि लंबे समय तक इसके संपर्क में रहने वाले लोगों के स्वास्थ्य पर भी गंभीर प्रभाव पड़ सकता है। पीजीआई चंडीगढ़ के सामुदायिक चिकित्सा विभाग के प्रोफेसर डॉ. रविंद्र खैवाल के अनुसार पीएम-10 के कण अपेक्षाकृत बड़े होते हैं और मुख्य रूप से नाक तथा श्वसन तंत्र को प्रभावित करते हैं। इसके विपरीत पीएम-2.5 के कण बेहद छोटे होते हैं, जो सांस के साथ फेफड़ों के भीतर तक पहुंच सकते हैं।
निर्माण स्थलों पर काम करने वाले मजदूरों को लगातार धूल के संपर्क में रहना पड़ता है। ऐसे में उनमें अस्थमा, ब्रोंकाइटिस और सांस लेने में परेशानी जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। निर्माण सामग्री में मौजूद सिलिका की धूल के लंबे समय तक संपर्क में रहने से सिलिकोसिस जैसी गंभीर बीमारी भी हो सकती है। बच्चों और बुजुर्गों को भी वायु प्रदूषण के कारण सांस संबंधी समस्याओं का अधिक खतरा रहता है।
निर्माण स्थलों पर पांच उपाय जरूरी
विशेषज्ञों के अनुसार निर्माण कार्यों के दौरान कुछ सावधानियां अपनाकर धूल के प्रसार को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है। इसके लिए निर्माण स्थल को हरी जाली या टिन की चादरों से ढकना, रेत, बजरी और सीमेंट को तिरपाल से सुरक्षित रखना तथा नियमित रूप से पानी का छिड़काव करना जरूरी है। इसके अलावा मलबे को खुले वाहनों में ले जाने के बजाय ढके हुए वाहनों से निर्धारित स्थान तक पहुंचाना चाहिए। सड़कों की नियमित मशीनों से सफाई और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना लगाने से भी प्रदूषण नियंत्रण में मदद मिल सकती है।
निर्माण कार्य बंद होने पर मजदूरों को 434 रुपये प्रतिदिन
प्रदूषण की स्थिति में निर्माण गतिविधियां बंद होने से दिहाड़ी मजदूरों के सामने रोजगार और रोजी-रोटी का संकट भी खड़ा हो जाता है। इसे देखते हुए हरियाणा में पंजीकृत निर्माण मजदूरों के लिए प्रतिदिन 434 रुपये गुजारा भत्ता देने का प्रावधान किया गया है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार अब तक तीन चरणों में 5,23,410 मजदूरों को यह भुगतान किया जा चुका है।
इस तरह हरियाणा में एक ओर निर्माण गतिविधियों से निकलने वाली धूल और मलबे पर नियंत्रण के प्रयास किए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर प्रदूषण के कारण काम बंद होने की स्थिति में पंजीकृत श्रमिकों को आर्थिक राहत देने की व्यवस्था भी की गई है। अब इन उपायों की वास्तविक सफलता इस बात पर निर्भर करेगी कि निर्माण स्थलों पर नियमों का कितना पालन होता है और संबंधित एजेंसियां कितनी नियमितता से निगरानी करती हैं।