Edited By Pawan Kumar Sethi, Updated: 19 Oct, 2026 07:26 PM

कांग्रेस पार्टी के वोट बचाओ-देश बचाओ अभियान के तहत न्यू कॉलोनी में मशाल जुलूस के रूप में बड़ा विरोध मार्च निकाला गया। न्यू कॉलोनी क्षेत्र में पूर्व मंत्री धर्मबीर गाबा की कोठी से शुरू हुए इस मार्च में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने केंद्र सरकार और...
गुड़गांव, (ब्यूरो): कांग्रेस पार्टी के वोट बचाओ-देश बचाओ अभियान के तहत न्यू कॉलोनी में मशाल जुलूस के रूप में बड़ा विरोध मार्च निकाला गया। न्यू कॉलोनी क्षेत्र में पूर्व मंत्री धर्मबीर गाबा की कोठी से शुरू हुए इस मार्च में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर जमकर हमला बोला। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ-साथ आम जनता का भी भारी समर्थन देखने को मिला।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
इस मशाल जुलूस मार्च का नेतृत्व हरियाणा कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त, प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, पूर्व सांसद राज बब्बर, पूर्व सांसद अशोक तंवर और जिला अध्यक्ष (शहरी) पंकज डावर ने किया। सभी नेताओं ने वोट चोरी और सरकार चोरी के मुद्दे पर चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग की। जनता के बीच अपने वक्तव्य में हरियाणा कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त ने कहा कि आज देश में जो वोट की चोरी हो रही है, यह वोट की चोरी नहीं देश के भविष्य की चोरी है। जब वोट चोरी होगा तो सरकार भी चोरी की बनेगी। चुनाव आयोग जो एक संवैधानिक संस्था है, वह आज सरकार के इशारे पर काम कर रही है। हम राहुल गांधी जी के नेतृत्व में पूरे देश में इस लड़ाई को लड़ रहे हैं। हरियाणा में वोटर लिस्ट में गड़बड़ी, फर्जी वोट जोडऩा, विपक्ष के वोट काटना, यह सब सोची-समझी साजिश है। हम मांग करते हैं कि मौजूदा चुनाव आयुक्त को तुरंत हटाया जाए और निष्पक्ष चुनाव कराए जाएं।
दूसरे दलों के समर्थकों के वोट कटवाती है भाजपा: राव नरेंद्र सिंह
प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि भाजपा हमेशा वोट चोरी करके सत्ता में आना चाहती है। हरियाणा विधानसभा का चुनाव चोरी किया गया। देशभर में लोगों के वोट काट दिए गए। वोटर लिस्ट में हेरफेर किया गया। हजारों ऐसे वोटरों के नाम जोड़े गए जो उस बूथ के हैं ही नहीं। दूसरे दलों के समर्थकों के वोट काटे गए। यह लोकतंत्र की हत्या है। यह लड़ाई वोट बचाने की है, यह लड़ाई देश बचाने की है। इसमें देश के नागरिकों की भागीदारी बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा कि अब देश जाग चुका है। अब भाजपा की सच्चाई देश के सामने आ चुका है। इसलिए देश में भाजपा का खुलकर विरोध हो रहा है। आवाज दबाने के लिए भाजपा एफआईआर का सहारा ले रही है। पहले तो ईडी, सीबीआई का दुरुपयोग जारी है, अब पुलिस का भी डर दिखाया जा रहा है।
वोट के अधिकार को छीनने का हो रहा प्रयास: राज बब्बर
पूर्व सांसद राज बब्बर ने कहा कि आज देश में जो पटकथा लिखी जा रही है, वह बहुत खतरनाक है। वोट का अधिकार बाबा साहेब अंबेडकर ने हमें दिया था। आज उसी अधिकार को छीना जा रहा है। सरकार कहती है सबका साथ, सबका विकास, लेकिन करती है वोट की चोरी से सत्ता का विकास। चुनाव आयोग को सरकार का तोता नहीं बनना चाहिए। उसे शेर की तरह निष्पक्ष रहना चाहिए। अगर चुनाव आयोग निष्पक्ष नहीं रहेगा तो देश में लोकतंत्र कैसे बचेगा? आज गुडग़ांव की जनता सडक़ पर है, यह इस बात का सबूत है कि लोग अब जाग गए हैं।
वोट चोरी का यह खेल अब पूरे देश में उजागर हो चुका: अशोक तंवर
पूर्व सांसद अशोक तंवर ने कहा कि वोट चोरी का यह खेल अब पूरे देश में उजागर हो चुका है। महाराष्ट्र, हरियाणा और अब बिहार में भी यही फॉर्मूला अपनाया जा रहा है। मशीन में गड़बड़ी, वोटर लिस्ट में घोटाला, और चुनाव आयोग की चुप्पी, यह तीनों मिलकर लोकतंत्र को खत्म कर रहे हैं। हम चुनाव आयोग से पूछना चाहते हैं कि आप किसके लिए काम कर रहे हैं। देश के लिए या एक पार्टी के लिए। अगर आप निष्पक्ष नहीं हैं तो आपको कुर्सी पर रहने का कोई हक नहीं है। कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता इस वोट चोरी के खिलाफ सडक़ पर उतरेगा।
अगर वोट का अधिकार बचेगा तो देश बचेगा: पंकज डावर
जिला अध्यक्ष (शहरी) पंकज डावर ने कहा कि आज जो भीड़ आप देख रहे हैं, यह सिर्फ कांग्रेस की भीड़ नहीं है, यह आम जनता की भीड़ है। लोग समझ गए हैं कि उनका वोट चोरी हो रहा है। हमारी मांग साफ है कि चुनाव आयुक्त को हटाया जाए और वोटर लिस्ट का शुद्धिकरण किया जाए। अगर वोट का अधिकार बचेगा तभी देश बचेगा। उन्होंने उन सभी लोगों का आभार जताया, जो इस लड़ाई में कांग्रेस के साथ मजबूती से खड़े हैं।