Edited By Isha, Updated: 07 Jul, 2026 08:40 AM

यमुनानगर के वार्ड नंबर-17 से भाजपा पार्षद दीक्षित कुमार पर सोमवार रात कुछ युवकों ने हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने पार्षद के सिर पर रॉड से वार कर उन्हें घायल कर दिया। वहीं उनके साथी दीपिश को जबरन अ
यमुनानगर: यमुनानगर के वार्ड नंबर-17 से भाजपा पार्षद दीक्षित कुमार पर सोमवार रात कुछ युवकों ने हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने पार्षद के सिर पर रॉड से वार कर उन्हें घायल कर दिया। वहीं उनके साथी दीपिश को जबरन अपने साथ ले जाकर मारपीट की और उसका आईफोन छीन लिया। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया।
पार्षद दीक्षित ने बताया कि शिव कॉलोनी निवासी उनके कार्यकर्त्ता रिशू रोहिला ने रात करीब 9 बजे फोन कर सूचना दी थी कि उसके घर के बाहर कुछ युवक रास्ता रोककर खड़े हैं और उन्होंने नशा किया हुआ है। सूचना मिलने पर वह दीपिश और अन्य साथियों के साथ मौके पर पहुंचे। युवक जा चुके थे लेकिन कुछ देर बाद उनके के साथी 10 युवक डंडे व रॉड लेकर आ गए। उन्होंने युवकों को समझाने का प्रयास किया लेकिन इसी दौरान एक हमलावर ने अचानक डंडे से हमला कर दिया। जब उन्होंने पुलिस को फोन करने के लिए मोबाइल निकाला तो आरोपियों ने डंडा मारकर उनका फोन भी तोड़ दिया। उनके सिर पर गंभीर चोट लगी।
हमलावर जाते समय उनके साथी दीपिश को जबरन अपने साथ ले गए व उसके साथ मारपीट की और उसका आईफोन छीन लिया। दीपिश को भी चोटें आई हैं। दीक्षित का आरोप है कि उन्होंने अपने क्षेत्र में स्मैक के कारोबार के खिलाफ सख्ती की हुई है। इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने उन पर हमला किया। गांधी नगर थाना प्रभारी जगबीर सिंह ने बताया कि मैडीकल रिपोर्ट और शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।