Edited By Pawan Kumar Sethi, Updated: 24 Nov, 2026 10:24 PM

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंगलवार को गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) और नगर निगम (एमसीजी) के अधिकारियों के साथ शहर के विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक की।
गुड़गांव, (ब्यूरो): मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंगलवार को गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) और नगर निगम (एमसीजी) के अधिकारियों के साथ शहर के विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक की। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सरकार के पास विकास कार्यों के लिए बजट की कोई कमी नहीं है, अब अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि वे मिशन मोड में काम करते हुए धरातल पर वास्तविक बदलाव दिखाएं। बैठक में उद्योग मंत्री राव नरबीर सिंह ने चौक-चौराहों के सौंदर्यीकरण की जिम्मेदारी संयुक्त आयुक्तों को सौंपने का सुझाव दिया। वहीं, निगमायुक्त डॉ. पंकज ने बताया कि 250 से अधिक बेसहारा गोवंश को गोशाला भेजा गया है। इस दौरान टीमों से मारपीट करने वालों पर सीएम ने सख्त पुलिस कार्रवाई के आदेश दिए।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
सीएंडडी वेस्ट प्रबंधन और अवैध डंपिंग पर सख्ती
बैठक में शहर में सीएंडडी अपशिष्ट के वैज्ञानिक निस्तारण पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने माइक्रो मैनेजमेंट की नीति अपनाने को कहा। जीएमडीए सीईओ डी.के. बेहेरा ने बताया कि नागरिकों के सुझाव पर जिले में 10 स्थानों पर 1-1 हेक्टेयर भूमि चिह्नित कर चारदीवारी के भीतर अस्थायी संग्रहण केंद्र बनाए जाएंगे। इसके अतिरिक्त, गुरुग्राम, मानेसर और फरीदाबाद के दीर्घकालिक निस्तारण हेतु दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के पास 500 एकड़ भूमि चिह्नित की जाएगी। सीपी शिवास कविराज ने जानकारी दी कि दिल्ली से अवैध रूप से मलबा लाने वाले 12 वाहन जब्त कर एफआईआर दर्ज की गई है। सीएम ने संवेदनशील मार्गों पर सीसीटीवी निगरानी और भारी जुर्माने के निर्देश दिए।
धूल मुक्त शहर और मिसिंग लिंक परियोजनाओं पर फोकस
मुख्यमंत्री ने शहर को धूल मुक्त बनाने के लिए ग्रीन बेल्ट में घास लगाने, फुटपाथों पर टाइल्स की जगह टिकाऊ प्लेटें लगाने और प्रत्येक प्रमुख सड़क पर सफाई की निगरानी हेतु एक अधिकारी की जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए। उन्होंने पेयजल, सड़क और सीवरेज की मिसिंग लिंक परियोजनाओं को प्राथमिकता से पूरा करने और भूमि बाधा आने पर लैंड एक्सचेंज का विकल्प अपनाने को कहा। बैठक में विधायक बिमला चौधरी, तेजपाल तंवर, मुकेश शर्मा सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।