Edited By Deepak Paul, Updated: 17 Aug, 2018 12:24 PM
7 अगस्त को वीना नगर कैंप में एयरफोर्स से रिटायर्ड मास्टर वारंट आफिसर खेम चंद छाबड़ा के मर्डर को डिटैक्टिव स्टाफ ने सुलझा दिया है। एस.पी. कुलदीप सिंह ने प्रैस वार्ता में इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि छाबड़ा की हत्या के आरोप में पृथ्वी प्रसाद...
यमुनानगर (ब्यूरो): 7 अगस्त को वीना नगर कैंप में एयरफोर्स से रिटायर्ड मास्टर वारंट आफिसर खेम चंद छाबड़ा के मर्डर को डिटैक्टिव स्टाफ ने सुलझा दिया है। एस.पी. कुलदीप सिंह ने प्रैस वार्ता में इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि छाबड़ा की हत्या के आरोप में पृथ्वी प्रसाद वासी वीना नगर कैंप, सचिन बिश्नोई गांव मीरपुर मोहन चक जिला मुरादाबार यू.पी. व सुशील कुमार सैनी वासी खुड़ाना जिला सहारनपुर को गिरफ्तार किया है। शुक्रवार को उन्हें कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा ताकि उनसे रिकवरी की जा सके। उन्होंने बताया कि हत्या को चार लोगों को अंजाम दिया था। इनके चौथे साथी अज्जू को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
ऐसे दिया हत्या को अंजाम
एस.पी. ने बताया कि गिरफ्तार व फरार युवक आपस में दोस्त हैं। ये इस्जैक कंपनी में ठेकेदार के पास काम करते थे। पृथ्वी प्रसाद को 6 महीने पहले निकाल दिया गया जबकि इसके 3 साथियों को 2 साल पहले निकाला गया। पृथ्वी प्रसाद मृतक खेमचंद छाबड़ा के घर के ठीक पीछे रहता है। करीब 9 माह से वह रैकी कर रहा था। इस कार्य में उसके दोस्त भी साथ दे रहे थे। हत्या के दिन इन्होंने शाम के समय रैकी की। करीब 7.10 पर जब कामवाली बाई निकल गई तो 10 मिनट बाद ही अज्जू, सुशील व सचिन बिश्नोई घर के अंदर घुस गए। स्थानीय होने के कारण पृथ्वी प्रसाद बाहर खड़ा निगरानी करता रहा। सचिन के पास देसी पिस्टल था। एक ने टांगें पकड़ ली और 2 ने परने के साथ गला घोंट दिया। इसके बाद तीनों ने 80 हजार रुपए की नकदी, सैमसंग का फोन व पर्स उठा लिया। बाहर आकर चारों ने 20-20 हजार बांट लिए। मोबाइल फोन अज्जू ले गया, कागज वाला पर्स पृथ्वी ने अपने पास रख लिया। सुशील व सचिन सहारनपुर व अज्जू गाजियाबाद चला गया।
सहारनपुर में ले रखा है किराए पर मकान
अज्जू, सचिन व सुशील ने सहारनपुर में किराए पर मकान ले रखा है। प्राथमिक जांच में स्टाफ के मुताबिक ये बेरोजगार थे। शार्ट कट के चक्कर में अपराध को अंजाम देते थे। अपराध करने के बाद अपने अपने किराए के कमरे में चले जाते थे। इसी तरह पृथ्वी प्रसाद ने 2 शादियां कर रखी हैं। पहली पत्नी मुज्जफरपुर बिहार में रहती है। इसका पूरा परिवार गुलाब नगर में रहता है। यहां पर इसने लव मैरिज कर ली। नाराज परिवार ने इसे घर से निकाल दिया।
चंद लालच के लिए ले ली जान
मृतक खेम चंद छाबड़ा सब्जी मंडी एसोसिएशन के वाइस प्रैजीडैंट सचिन बजाज के ससुर थे। उन्हींं की शिकायत पर फर्कपुर पुलिस ने मामला दर्ज किया था। बजाज ने बताया कि उनके ससुर 1996 में मास्टर वारंट आफिसर रिटायर्ड हुए थे। शुरू से ही उनमें समाज सेवा का जज्बा था। आरोपियों ने चंद लालच के लिए समाजसेवी की जान ले ली। उन्होंने बताया कि मृतक के भाई गोपी चंद छाबड़ा ने मिसाइल में बेहतर कार्य किया था। जिस वजह से उन्हें महामहिम राष्ट्रपति ने सम्मानित किया।