Edited By Deepak Paul, Updated: 12 Sep, 2018 11:06 AM
अब किसान अपनी फसलों का ब्यौरा ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज कर सकते हैं। इसके लिए प्रदेश सरकार ने मेरी फसल-मेरा ब्यौरा नामक पोर्टल लॉन्च किया है। प्रदेश के किसान राज्यव्यापी इस पोर्टल पर 15 सितम्बर तक अपनी खरीफ फसल का ब्यौरा ऑनलाइन दर्ज करवा सकेंगे। फसलों...
यमुनानगर(ब्यूरो): अब किसान अपनी फसलों का ब्यौरा ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज कर सकते हैं। इसके लिए प्रदेश सरकार ने मेरी फसल-मेरा ब्यौरा नामक पोर्टल लॉन्च किया है। प्रदेश के किसान राज्यव्यापी इस पोर्टल पर 15 सितम्बर तक अपनी खरीफ फसल का ब्यौरा ऑनलाइन दर्ज करवा सकेंगे। फसलों का ब्यौरा ऑनलाइन करने का कार्य गांवों में स्थित सामान्य सेवा केंद्रों के वी.एल.ई., वीलेज लैवल इंटरप्रन्योर करेंगे जिसके लिए उन्हें सरकार द्वारा 5 रुपए प्रति खेवट की दर से भुगतान किया जाएगा।
उक्त जानकारी देते हुए उपायुक्त गिरीश अरोड़ा ने बताया कि खरीफ फसल-2018 के तहत बोई जाने वाली फसल की जानकारी प्राप्त करने तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभपात्र किसानों को देने के लिए प्रदेश सरकार ने राज्य स्तरीय फसल ई-सूचना नामक वैब पोर्टल लॉन्च किया है। यह पोर्टल 15 सितम्बर तक खुला रहेगा। इस अवधि के दौरान गांवों में कार्यरत वी.एल.ई. सभी किसानों की फसल का ब्यौरा ऑनलाइन दर्ज करवाएंगे जिसके लिए किसानों को कोई भुगतान नहीं करना है। वी.एल.ई. को इस कार्य के लिए प्रदेश सरकार द्वारा सीधे उसके खाते में भुगतान किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि वी.एल.ई. के अलावा किसान अपने स्तर पर खुद इंटरनैट के माध्यम से ईदिशा डॉट जीओवी डॉट इन पर इस पोर्टल को खोलकर भी अपनी फसल का ब्यौरा ऑनलाइन दर्ज करवा सकता है। इस पोर्टल पर आने वाली सूचनाओं को कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के साथ सांझा किया जाएगा। किसानों द्वारा अपलोड की जाने वाली सूचना किसी अन्य कानूनी क्लेम में प्रयोग नहीं की जा सकेगी। इसके अलावा जमाबंदी संबंधी डाटा भी पटवारियों द्वारा सांझा किया जाएगा। इससे किसानों की फसल की खरीद प्रक्रिया आसान हो जाएगी।