Edited By kamal, Updated: 17 Mar, 2019 11:40 AM
आरिएंटल बैंक ऑफ कॉमर्स बिलासपुर में तैनात सुरक्षा गार्ड मखौर निवासी बलबीर सिंह पुत्र गुरदयाल...
बिलासपुर (बाली /पंकेस): आरिएंटल बैंक ऑफ कॉमर्स बिलासपुर में तैनात सुरक्षा गार्ड मखौर निवासी बलबीर सिंह पुत्र गुरदयाल सिंह ने बैक के बाथरूम में जाकर अपनी लाइसैंसी डबल बैरल 12 बोर गन से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। बैंक मैनेजर पवन कुमार ने बताया कि बलबीर सिंह 6 वर्ष से बैंक में सुरक्षा गार्ड था। शनिवार को बलबीर सिंह 10.15 बजे बैंक आया और सभी कर्मचारियों से मिला। सभी बैंक कर्मचारी अपनी सीट पर कार्य में लग गए।
उसी समय उन्हें बैंक में बने शौचालय की तरफ से जोर के धमाके की आवाज सुनाई दी। बैंक मैनेजर व कर्मचारी दौड़कर शौचालय की तरफ गए और दरवाजा खोलना चाहा परंतु दरवाजा अंदर से बंद था। कर्मचारियों ने कुंडी को तोड़कर दरवाजा खोला तो अंदर बलबीर सिंह खून से लथपथ था। पुलिस ने मौके पर मृतक के परिजनों को बुलाया। मृतक के रिश्तेदार साहब सिंह ने बताया कि बलबीर सिंह करीब 2 महीने से मानसिक तौर से परेशान था। उसकी दवाई चंडीगढ़ पी.जी.आई. से चल रही थी। बीते कल भी वह चंडीगढ़ पी.जी.आई. से दवाई लेकर आया था। बलबीर सिंह आर्मी से रिटायर्ड था।