Edited By Deepak Paul, Updated: 12 Jan, 2019 02:28 PM
जिले में अलग-अलग 2 स्थानों पर हुई मारपीट में पुलिस ने 7 युवकों को नामजद किया है। दोनों मामलों में नामजद युवकों पर फायर करने का भी आरोप है। मारपीट में 2 अन्य युवक घायल हो गए। जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है। दोनों मामलों के नामजद फरार हैं। माता...
यमुनानगर(ब्यूरो): जिले में अलग-अलग 2 स्थानों पर हुई मारपीट में पुलिस ने 7 युवकों को नामजद किया है। दोनों मामलों में नामजद युवकों पर फायर करने का भी आरोप है। मारपीट में 2 अन्य युवक घायल हो गए। जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है। दोनों मामलों के नामजद फरार हैं। माता मोहल्ला रादौर निवासी सचिन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी कुछ दिन पहले हरदीप उर्फ सन्नी के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। उस समय अन्य लोगों ने समझा कर मामला शांत करवा दिया, मगर उसके बाद से नामजद उससे रंजिश रखने लगा।
सचिन ने बताया कि वह घेसपुर चुंगी से किसी काम से जा रहा था। रास्ते में हरदीप उर्फ सन्नी ने अपने साथियों मंदीप, ललतेश लाला व अन्य के साथ मिलकर उस पर हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोप है कि इस दौरान उस पर फायर भी किया गनीमत यह रही कि गोली उसे नहीं लगी। गोली चलने की आवाज सुनकर जब अन्य लोग मौके पर पहुंचे तो नामजद उसे जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। उसने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद तीनों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
उधर, गांव घोड़ो पीपली निवासी अरविंद कुमार ने बताया कि कुछ दिन पहले उसकी गांव के ही युवक जोनी व सागर के साथ कहासुनी हो गई थी। कहासुनी के चलते आरोपी उससे रंजिश रखने लगे। आरोप है कि जोनी व सागर ने अपने साथियों संदीप व सुमित के साथ मिलकर उस पर हमला कर दिया। नामजद ने उस पर देसी कट्टे से फायर भी किया। उसने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद कार्रवाई शुरू कर दी।