Edited By Isha, Updated: 17 Aug, 2019 01:30 PM
अम्बाला से दिल्ली की तरफ जा रही 12058 ऊना जन शताब्दी टे्रन में बिना टिकट यात्रा कर रहे एक जी.आर.पी. के जवान से टिकट मांगना टी.टी.ई. के लिए मुसीबत बन गया। जवान ने न केवल वर्दी की धौंस
सोनीपत: अम्बाला से दिल्ली की तरफ जा रही 12058 ऊना जन शताब्दी टे्रन में बिना टिकट यात्रा कर रहे एक जी.आर.पी. के जवान से टिकट मांगना टी.टी.ई. के लिए मुसीबत बन गया। जवान ने न केवल वर्दी की धौंस दिखाई बल्कि टी.टी.ई. के साथ बहस भी की। यही नहीं, मामला हाथापाई तक भी पहुंच गया, जिसके कारण टी.टी.ई. को पुलिस के पास फोन करना पड़ा। हालांकि, बाद सोनीपत रेलवे स्टेशन पर पहुंचने के बाद दोनों का समझौता हो गया और टी.टी.ई. ने जी.आर.पी. जवान के खिलाफ शिकायत नहीं दी।
जानकारी के अनुसार किसानों के धरने व उनकी रेल रोको की चेतावनी को लेकर शुक्रवार को स्पैशल टीम की सोनीपत रेलवे स्टेशन पर तैनाती की गई थी, जिसमें जी.आर.पी. का जवान रामचंद्र शामिल था। रामचंद्र टीम में शामिल होने के लिए जनशताब्दी टे्रन में सवार होकर पानीपत से सोनीपत के लिए रवाना हुआ था। इस बीच टिकट निरीक्षक अमन ने उसे टिकट दिखाने के लिए बोला तो वह स्वयं को स्टाफ सदस्य बताने लगा। पुलिस जवान द्वारा स्टाफ सदस्य बताए जाने पर टिकट निरीक्षक ने उसको स्टाफ मान्य न होने की बात कहकर उससे टिकट बनवाने के लिए बोला।यह सुनकर पुलिस कर्मी भड़क गया और इस दौरान दोनों में न सिर्फ अनाप-शनाप बातें हुई बल्कि गाली-गलौच भी खूब हुई। मामला हाथापाई तक भी पहुंच गया। टे्रन में यात्रा कर रहे यात्रियों ने बताया कि एक बार तो टिकट निरीक्षक व पुलिस कर्मी आपस में भिड़ गए थे।
यात्रियों ने दोनों का बीच-बचाव करके मामला शांत किया। इधर, टी.टी.ई. की सूचना पर सोनीपत रेलवे स्टेशन पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनी।
हालांकि, कुछ ही देर में दोनों पक्षों में समझौता हो गया और ट्रेन आगे के लिए रवाना हो गई। जी.आर.पी. थाना प्रभारी रामफल ने बताया कि टी.टी.ई. व जी.आर.पी. जवान के बीच टिकट को लेकर कहासुनी हुई थी। मामले को दोनों ने आपस में निपटा लिया है।