Edited By Deepak Paul, Updated: 23 Jan, 2019 11:02 AM
चौ. देवीलाल सहकारी चीनी मिल में बीते 3 दिन में किसानों द्वारा कर्मचारियों से मारपीट की 2 घटनाएं हो चुकी हैं। मंगलवार को कर्मचारी एकत्रित होकर मिल के एम.डी. महेश कुमार से मिले और मारपीट...
गोहाना (अरोड़ा): चौ. देवीलाल सहकारी चीनी मिल में बीते 3 दिन में किसानों द्वारा कर्मचारियों से मारपीट की 2 घटनाएं हो चुकी हैं। मंगलवार को कर्मचारी एकत्रित होकर मिल के एम.डी. महेश कुमार से मिले और मारपीट करने वाले किसानों को जल्द गिरफ्तार कराने की मांग की। कर्मचारी ने गन्ना पिराई सीजन में मिल में अस्थायी पुलिस चौकी खुलवाने की मांग की।
कर्मचारी अशोक, बालकिशन, अरुण, राजेश, जगजीत, संदीप, रामनिवास, महाबीर, जगबीर, जसबीर व सज्जन ने कहा कि मिल में किसानों द्वारा मारपीट करने की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। बीती 19 जनवरी को 2 किसानों द्वारा कर्मचारी अनिल और 21 जनवरी को मिल के प्रवेश द्वार पर कर्मचारी बलराज के साथ मारपीट की गई। इससे कर्मचारियों में भय का माहौल है।
कर्मचारियों ने मिल के एम.डी. महेश कुमार से गुहार लगाई कि वे पुलिस प्रशासन के अधिकारियों से बातचीत करके जल्द आरोपित किसानों को गिरफ्तार करवाएं तथा मिल में गन्ना पिराई शुरू होने से बंद होने तक पुलिस चौकी खुलवाई जाए। एम.डी. ने कहा कि मिल प्रशासन दोनों घटनाओं में आरोपित किसानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करवाएगा।