Edited By Rakhi Yadav, Updated: 10 Dec, 2018 09:41 AM
शिक्षा एवं पर्यटन मंत्री रामबिलास शर्मा ने कहा कि बेरी में राज्य के पहले मुख्यमंत्री पं. भगवत दयाल शर्मा के नाम पर लड़कियों के लिए कॉलेज खोला जाएगा व नगर के प्रमुख स्थान ....
झज्जर(मनोज): शिक्षा एवं पर्यटन मंत्री रामबिलास शर्मा ने कहा कि बेरी में राज्य के पहले मुख्यमंत्री पं. भगवत दयाल शर्मा के नाम पर लड़कियों के लिए कॉलेज खोला जाएगा व नगर के प्रमुख स्थान पर उनकी प्रतिमा लगाई जाएगी।
उन्होंने यह बात बेरी में दैवज्ञभूषण पंडित दुलीचंद शर्मा वाचनालय का शुभारंभ करने के उपरांत कही। शिक्षा मंत्री ने मां भीमेश्वरी देवी मंदिर में पूजा अर्चना की तथा ब्राह्मण धर्मशाला में लोगों को संबोधित किया। रामबिलास ने कलानौर में कहा कि आपातकाल के दौरान उन्होंने जेल में रहकर चौधरी देवीलाल की सेवा की है और वे उनके साथ मंत्री मंडल में भी रहे है। इसलिए चौधरी देवीलाल की राजनीतिक विरासत पर उनका दावा भी बनता है।
आज देवीलाल का कुणबा आपस में लड़ रहा है। केवल उनके परिवार के सदस्य ही चौधरी देवीलाल की राजनीतिक विरासत का अधिकार नहीं रखते बल्कि जिन लोगों ने चौधरी देवीलाल के साथ संघर्ष किया है, उनका भी देवीलाल की राजनीतिक विरासत पर अधिकार है। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री ब्राह्मण धर्मशाला के विकास के लिए अपने ऐच्छिक कोष से 21 लाख रुपए की वित्तीय सहायता देने की भी घोषणा की।