Edited By Punjab Kesari, Updated: 28 Aug, 2017 08:33 PM
जज जगदीप सिंह को जेड प्लस सिक्यॉरिटी मुहैया करवाए जाने की तैयारी है
पंचकूलाः साध्वी यौन शोषण मामले में गुरमीत राम रहीम के खिलाफ सजा सुनाने वाले पंचकूला सीबीआई की विशेष अदालत के जज जगदीप सिंह को जेड प्लस सिक्यॉरिटी मुहैया करवाए जाने की तैयारी है।
सूत्रों ने बताया कि मौजूदा हालातों को देखते हुए इस मुद्दे पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है। इधर, सीबीआई जज सोमवार दिन में हैलिकॉप्टर से रोहतक की सुनारिया जेल पहुंचे। उन्हें नारिया ले जाए जाने से पहले पंचकूला और चंडीगढ़ में जबरदस्त नाकेबंदी कर दी गई थी। शहर में जगह-जगह नाकों पर चैकिंग तेज रही और कई प्रमुख रास्ते बंद कर दिए गए थे।
उल्लेखनीय है कि डेरा प्रमुख को 25 अगस्त को दोषी करार दिया गया था और इससे नाराज होकर उपद्रवियों ने पंचकूला में जबरदस्त दंगा किया। उपद्रवियों और सुरक्षा बलों की आमने-सामने के टकराव में 38 लोग मारे गए थे। इतने व्यापक पैमाने पर हुई हिंसा के बाद हाईकोर्ट ने सुनारिया जेल परिसर में ही सीबीआई की अस्थाई अदालत लगाने के निर्देश दिए थे। गुरमीत राम रहीम को दोषी करार दिए जाने के बाद ही उनकी सुरक्षा भी बढ़ा दी गई थी।
जज जगदीप सिंह लोहान दोपहर करीब 12 बजे के आसपास पंचकूला से पहले चंडीगढ़ के सेक्टर एक स्थित राजेंद्र पार्क पहुंचे। वहां से उन्होंने हेलिकॉप्टर के जरिए सुनारिया के लिए उड़ान भरी। करीब दो बजे वे सुनारिया पहुंचे। सुनारिया जेल के लाइब्रेरी हॉल में सीबीआई की विशेष अदालत लगाई गई। कोर्ट की कार्यवाही ढाई बजे शुरू हुई और साढ़े तीन बजे तक निपट चुकी थी। इसके बाद जज जगदीप सिंह को वापस भी हेलिकॉप्टर के जरिए भेजा गया।