Edited By Punjab Kesari, Updated: 28 Jul, 2017 07:37 PM
असमाजिक तत्वों की हरकतों ने एक बार फिर लोगों को सकते में डाल दिया।
चंडीगढ़ : असमाजिक तत्वों की हरकतों ने एक बार फिर लोगों को सकते में डाल दिया। वे पोस्टर के माध्यम से पंजाब में आजादी के लिए जनमतसंग्रह कराने मांग कर रहे थे। द्ववेश और समाज में भ्रांति फैलाने वाले पोस्ट हरियाणा सिरसा जिले के देबवाली कस्बे में दीवारों पर लगाए गए थे। जानकारी होने पर पुलिस ने पोस्टरों को तुरंत हटवा दिया। आपको बता दें, इससे पहले भी ठीक इसी तरह के होर्डिंग्स पंजाब में कई स्थानों में लगे दिखे थे ।
देबवाली सिटी पुलिस स्टेशन के कार्यवाहक थाना प्रभारी राम निवास ने फोन पर बताया कि उसी तरह के पोस्टर हैं जो कुछ सप्ताह पहले पंजाब के कई स्थानों में दीवारों पर चिपके हुए मिले थे। पोस्टर में आजादी के लिए जनमतसंग्रह से लेकर कई तरह की चीजें लिखी हुई थीं। पुलिस इस कृत्य को असामाजिक तत्वों का काम बता रही है। पंजाब पुलिस ने इससे पहले अमेरिका में रह रहे तीन व्यक्तियों सहित पांच लोगों पर राज्य में इस तरह की होर्डिंग लगाकर वैमनस्य फैलाने और देशद्रोह का मामला दर्ज किया था। सिरसा का देबवाली कस्बा पंजाब सीमा के निकट है। हालांकि, पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अब पोस्टर हटा लिए गए हैं।