'पोल खोल हल्ला बोल रैली' में तंवर के निशाने पर रही भाजपा सरकार (VIDEO)

Edited By Deepak Paul, Updated: 30 Sep, 2018 06:57 PM

जानकारी के अनुसार, अाज पानीपत में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर ने पोल खोल हल्ला बोल रैली का अायोजन किया, जिसमें भारी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया और हजारों की तादाद में रैली में शामिल होने के लिए पानीपत पहुंचे।

पानीपत (धरणी): पानीपत में आयोजित कांग्रेस की 'पोल खोल-हल्ला बोल' रैली में पार्टी प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर ने अपने विरोधियों को आड़े हाथों लिया। हालांकि, मुख्य रूप से उनके निशाने पर भाजपा सरकार रही। इस दौरान उन्होंने भाजपा की केंद्र व राज्य सरकार को जमकर घेरा। मोदी व खट्टर सरकार पर तंवर ने कहा कि दोनों सरकारें अपने चुनावी वादों को पूरा करने में पूरी तरह विफल साबित हुई हैं। तंवर ने राफेल डील, पेट्रो मूल्य वृद्धि पर केंद्र सरकार को घेरा तो एसवाइएल, हरियाणा की कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों पर मनोहर सरकार पर निशाना साधा। गौरतलब है कि रैली में भारी तादाद में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया और हजारों लोग रैली में शामिल होने के लिए पानीपत पहुंचे।

PunjabKesari

पानीपत रैली में उमड़ी भारी भीड़ से गदगद अशोक तंवर ने कहा कि हरियाणा के राजनीतिक इतिहास में ये पहली ऐसी रैली है, जिसमें आयोजक ही कार्यकर्ता है और मुख्य अतिथि भी कार्यकर्ता ही है। रैली के माध्यम से उन्होंने वर्ष 2019 के लोकसभा व विधानसभा के चुनावों के लिए कांग्रेस के कार्यकर्ताओं का मिशन तेज करने का आह्वान किया और लोकसभा की सभी 10 सीटों तथा विधानसभा के लिए कम से कम 80 सीटें जीतने का टारगेट दिया। 

मोदी खा भी रहे हैं और खिला भी रहे हैं: तंवर
राफेल खरीद मामले में प्रधानमंत्री मोदी पर सीधा निशाना साधते हुए कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर ने इस सौदे में एक लाख 44 हजार 144 करोड़ रुपए का घोटाला होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जहां हरियाणा का कुल बजट ही 1 लाख 15 हजार करोड़ रुपए का है, वहीं अकेले राफेल में ही हरियाणा के बजट से भी ज्यादा कमीशन खाई गई है। उन्होंने कहा कि मोदी कहते हैं कि ना खाऊंंगा ना खाने दूंगा, लेकिन वे खा भी रहे हैं और खिला भी रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी कहते हैं कि वे गंगा मैया के लाल हैं, लेकिन हकीकत में वह राफेल के दलाल हैं। मोदी सरकार ने यह कॉन्ट्रैक्ट एचएएल को न देकर सौदे से महज 12 दिन पहले बनी रिलायंस को दे दिया, जो देश के साथ धोखा है। 

PunjabKesari

मोदी का बेटी बचाओ का नारा जुमला साबित हुआ: तंवर
मैदान में उमड़े भारी जनसमूह से गदगद तंवर ने कहा कि कार्यकर्ता बधाई के पात्र हैं कि इस मैदान में हुई यह अब तक कि सबसे बड़ी रैली है। उन्होंने कहा कि इसी मैदान में 4 साल पहले प्रधानमंत्री मोदी ने 'बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ' का नारा दिया था जो एक जुमला ही साबित हुआ। हकीकत यह है कि हरियाणा में बेटियां रेप और गैंगरेप का शिकार हो रही हैं, जिसका ताजा उदाहरण रेवाड़ी में हुई दरिंदगी है। प्रदेश में बेटी सुरक्षित नहीं है और उसकी शिक्षा की डगर भी कठिन हो गई है। 

तंवर ने कहा- कांग्रेस की सरकार बनने पर होगा समस्याओं का समाधान
उन्होंने हरियाणा के अंदर विभिन्न कर्मचारी संगठनों के द्वारा चल रहे धरने और प्रदर्शनों पर कहा कि कांग्रेस की सरकार बनते ही उनकी समस्याओं का समाधान किया जाएगा। हरियाणा में पुलिसकर्मियों को पंजाब के समान वेतन दिया जाएगा। कांग्रेस सरकार आने पर बी.पी.एल. कार्डधारकों को केवल सौ-सौ वर्ग गज के प्लॉट ही नहीं, बल्कि छत के साथ सड़क व गली भी देगी। 

हरियाणा के अंदर यमुनानगर के नारायणगढ़ में चल रहे अवैध खनन को लेकर तंवर ने कहा कि हरियाणा में अवैध खनन सत्ता से जुड़े लोगों की शह में हो रहा है। यह 3 लाख करोड़ का घोटाला है, जिसमें मंत्री और विधायक शामिल हैं। इसे लेकर अभी तक मुख्यमंत्री चुप क्यों है?  यमुना दो किलोमीटर एरिया को पानी में बहाकर चली गई, जिसका कारण अवैध माइनिंग है। रैली में प्रदेश भर से मिले जनसमर्थन से उत्साहित तंवर ने कहा कि पहले की तीन लड़ाइयों की तरह पानीपत से शुरू हुई चौथी लड़ाई भी देश का इतिहास बदलने का काम करेगी। एक लाख से अधिक लोगों की हाजिरी ने रैली को हरियाणा के इतिहास का सबसे बड़ा राजनीतिक आयोजन बना दिया। 

PunjabKesari

तंवर ने परत-दर-परत बीजेपी व केंद्र सरकार की राफेल घोटाला, नोटबंदी, पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों, राष्ट्रीय स्वास्थ्य बीमा योजना का नाम बदलकर आयुष्मान भारत रखने, सामाजिक सदभाव बिगाड़ने, बेरोजगारी को बढ़ावा देने आदि कारगुजारियों की पोल खोलते हुए हरियाणा में समरसता के साथ विकास के लिए अपना विजन भी रख दिया। 

इस अवसर पर पूर्व राज्यसभा सांसद ईश्वर सिंह, पूर्व मंत्री बिजेन्द्र सिंह बिल्लू, पूर्व विधायक नरेश कुमार, अजीत कुमार, राजेश दून, पूर्व विधायक आनन्द कौशिक, पूर्व विधायक तेजबीर सिंह, यूथ कांग्रेस के प्रदेश महासचिव संदीप बूरा, सफीदों हलके के प्रधान मस्त राम बागडू, कुलदीप सोनी, भूपेन्द्र राणा आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।


Related Story

Trending Topics

IPL
Chennai Super Kings

176/4

18.4

Royal Challengers Bangalore

173/6

20.0

Chennai Super Kings win by 6 wickets

RR 9.57
img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!