Edited By Rakhi Yadav, Updated: 17 Jul, 2018 10:02 AM
नशे का खात्मा करने के लिए जहां पुलिस प्रशासन गांव के सरपंचों का सहयोग ले रहा है, वहीं खंड डबवाली के गांव खुइयांमलकाना की सरपंच सविता मेहता का पति संजय मेहता अफीम की तस्करी करते....
डबवाली(संदीप): नशे का खात्मा करने के लिए जहां पुलिस प्रशासन गांव के सरपंचों का सहयोग ले रहा है, वहीं खंड डबवाली के गांव खुइयांमलकाना की सरपंच सविता मेहता का पति संजय मेहता अफीम की तस्करी करते पुलिस के हत्थे चढ़ा है। आरोपी की पहचान संजय मेहता पुत्र लक्ष्मणदास के रूप में हुई है। सरपंच का पति 2 साथियों के साथ कार में अफीम लेकर जा रहा था। पुलिस को इसकी मुखबिरी मिल गई। पुलिस ने संजय मेहता व उसके 2 साथियों को 2 किलोग्राम अफीम के साथ गिरफ्तार कर लिया।
उसके दोनों साथियों की पहचान मोहन लाल पुत्र चूतरा राम निवासी गुढ़ा बिश्नोइयां जोधपुर राजस्थान व गुरदीप सिंह पुत्र अजायब सिंह निवासी खुइयांमलकाना के रूप में हुई है। सरपंच पति संजय मेहता नम्बरदार के साथ-साथ श्रीकृष्ण गौशला डबवाली का प्रधान भी है। जानकारी के मुताबिक सी.आई.ए. सिरसा के सहायक उप-निरीक्षक सत्यनारायण के नेतृत्व में एक पुलिस टीम गश्त व चैकिंग के दौरान बी.डी.पी.ओ. दफ्तर डबवाली के नजदीक मौजूद थी।
इसी दौरान पुलिस को एक संदिग्ध कार डबवाली गांव की तरफ से आती हुई दिखाई दी। पुलिस ने गाड़ी को रुकने का इशारा किया तो कार चालक ने कार को बी.डी.पी.ओ. दफ्तर की तरफ मोडऩे की कोशिश की लेकिन पुलिस ने तीनों लोगों को भागने का मौका नहीं दिया। तीनों को काबू कर कार की तलाशी ली गई तो एक काले रंग की पालीथिन थैली से 2 किलोग्राम अफीम बरामद हुई।
पुलिस ने सरपंच पति संजय मेहता, मोहन लाल व गुरदीप सिंह के खिलाफ शहर थाना डबवाली में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने इनको अफीम सप्लाई करने वाले की तलाश शुरू की दी है। शहर थाना प्रभारी सुखजीत सिंह के मुताबिक तीनों आरोपियों को मंगलवार सुबह कोर्ट में पेश किया जाएगा। पकड़ी गई अफीम का बाजार भाव 3 लाख के करीब है।