Edited By Updated: 01 Jun, 2016 04:46 PM
कांग्रेस की पूर्व मंत्री एवं राज्यसभा सदस्य शैलजा ने कहा कि भाजपा की 2 साल के शासनकाल की कोई उपलब्धि नहीं है और...
लाडवा: कांग्रेस की पूर्व मंत्री एवं राज्यसभा सदस्य शैलजा ने कहा कि भाजपा की 2 साल के शासनकाल की कोई उपलब्धि नहीं है और न सरकार के 2 साल पूरे होने पर जश्न मनाने का कोई औचित्य है। भाजपा ने जो लुभावनी बातें कर देश व प्रदेश में सत्ता हासिल की थी, वह केवल बातें बनकर रह गई हैं। चुनाव के समय में किए वायदे केवल खोखले साबित हुए हैं। भाजपा के 2 साल के शासनकाल से ही जनता का सरकार से विश्वास उठ गया है। शैलजा संजय गांधी स्कूल परिसर में समारोह के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रही थीं।
उन्होंने कहा कि 100 दिन क्या, भाजपा सरकार 730 दिन में भी काला धन वापस नहीं ला सकी। उन्होंने कहा कि यदि हरियाणा की बात की जाए तो जनता ने मनोहर लाल की सरकार को डेढ़ साल से पहले ही पूरी तरह नकार दिया है। आज जन-जन की आवाज है कि यदि प्रदेश में आज चुनाव हों तो प्रदेश में भाजपा का वही हाल होगा, जो पहले हुआ करता था। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आने वाली सरकार कांग्रेस की होगी लेकिन मुख्यमंत्री कौन बनेगा, उसका फैसला हाईकमान करेगा।
कौन मुख्यमंत्री बनेगा, इसमें हमें अपनी ऊर्जा नहीं लगानी चाहिए बल्कि पार्टी के संगठन को मजबूत बनाने में ऊर्जा लगानी चाहिए ताकि जनता को इस राज से मुक्ति मिल सके और प्रदेश में दोबारा विकास की गंगा बहने लगे। उन्होंने कहा कि पार्टी में कोई फूट नहीं है। हर नेता व कार्यकर्त्ता पार्टी के संगठन को मजबूत कर रहा है। इस अवसर पर पूर्व विधायक राजपाल भूखड़ी, पूर्व विधायक जसबीर सिंह मल्लौर, कांग्रेस के पूर्व जिला प्रधान पवन गर्ग व धनौरा के सरपंच बाबू राम उपस्थित थे।