Edited By kamal, Updated: 23 May, 2019 11:23 AM
सरल अंत्योदय केंद्र से लोगों के वाहन चलाने के ड्राइविंग लाइसैंस और वाहनों की आर.सी. समय पर उन्हें डिलीवर नहीं होने...
जींद(जसमेर): सरल अंत्योदय केंद्र से लोगों के वाहन चलाने के ड्राइविंग लाइसैंस और वाहनों की आर.सी. समय पर उन्हें डिलीवर नहीं होने को लेकर शिकायतें थमने का नाम नहीं ले रही। इनकी डिलीवरी एस.डी.एम. की चेतावनी के बावजूद समय पर नहीं हो रही है। आए दिन इस तरह की शिकायत लेकर सरल अंत्योदय केंद्र में काफी लोग पहुंच रहे हैं। एस.डी.एम. सत्यवान मान ने कहा कि डाक विभाग को समय पर लोगों के डी.एल. और आर.सी. की डिलीवरी उनके पते पर करनी ही होगी। इसमें किसी भी तरह की ढील सहन नहीं होगी।
डाक विभाग एक डी.एल. या आर.सी. को रजिस्टर्ड डाक से इसके मालिक तक पहुंचाने के लिए सरल अंत्योदय केंद्र की मार्फत 40 रुपए लेकर भी समय पर इसकी डिलीवरी नहीं कर रहा। डी.एल. और आर.सी. को लेकर लोग अपनी शिकायत लेकर सरल अंत्योदय केंद्र अब भी पहुंच रहे हैं। उनकी शिकायत यह रहती है कि उनके डी.एल. और आर.सी. सरल अंत्योदय केंद्र से जारी होने के मैसेज फोन पर मिलने के बाद भी उनके घर के पते पर डिलीवर नहीं हुए हैं।
इस तरह की हर रोज 3 से 4 शिकायत सरल अंत्योदय केंद्र में मिल रही हैं। ज्यादातर लोग यही कहते हैं कि डाक विभाग ने उनके डी.एल. और आर.सी. की डिलीवरी उनके पते पर नहीं की है। सरल अंत्योदय केंद्र के कर्मचारी डी.एल. और आर.सी. बनाने का काम बीच में रोक कर लोगों को डाक विभाग को भेजे गए चालान आदि दिखाने में लग जाते हैं। तमाम जानकारी मिलने के बाद भी डाक विभाग से लोगों को उनके डी.एल. और आर.सी. नहीं मिल रहे।
अब ज्यादातर लोग सरल अंत्योदय केंद्र में आकर यही कहने लगे हैं कि उनकेे डी.एल. और आर.सी. सरल अंत्योदय केंद्र से ही उन्हें दिए जाएं लेकिन यहां के कर्मचारी सरकार की हिदायतों का हवाला देकर डी.एल. और आर.सी. रजिस्टर्ड डाक से ही भेजने को अपनी मजबूरी बता रहे हैं।
सरल अंत्योदय केंद्र्र से ही आर.सी., डी.एल. लेना बन रहा लोगों की पसंद
डाक विभाग को 40 रुपए का भुगतान घर के पते पर डी.एल. और आर.सी. की डिलीवरी के लिए करने के बावजूद लोग सरल अंत्योदय केंद्र से ही अपने डी.एल. और आर.सी. कलैक्ट करने को अधिमान दे रहे हैं। काफी लोग अपने डी.एल. और आर.सी. बनवाते ही संबंधित कर्मचारी को डी.एल. और आर.सी. रजिस्टर्ड डाक में भेजने की बजाय अपने पास रखने का अनुरोध करते हुए कहते हैं कि यहां से कलैक्ट करना आसान है।
डाक विभाग को कई बार 2-2 महीने तक डी.एल. और आर.सी. की डिलीवरी उनके पते पर नहीं कर रहा। लोगों में डाक विभाग के प्रति भारी रोष है। डी.एल. और आर.सी. की डिलीवरी में डाक विभाग की डिले ने लोगों का भरोसा डाक विभाग से पूरी तरह उठा दिया है।