Edited By kamal, Updated: 24 May, 2019 12:29 PM
पी.एम. नरेंद्र मोदी के नाम की सुनामी में जींद जिले में भाजपा का स्कोर 5/5 रहा। मोदी की सुनामी में पूर्व उप-प्रधानमंत्री...
जींद(जसमेर /घोघडिय़ा/ललित /हिमांशु ): पी.एम. नरेंद्र मोदी के नाम की सुनामी में जींद जिले में भाजपा का स्कोर 5/5 रहा। मोदी की सुनामी में पूर्व उप-प्रधानमंत्री चौ. देवीलाल का गढ़ जींद भी तिनके की तरह बह गया। जींद जिले के पांचों विधानसभा क्षेत्रों में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों ने शानदार जीत हासिल की। चौ. देवीलाल परिवार के साथ-साथ कांग्रेस को भी भाजपा ने जींद जिले में लोकसभा चुनावों में धूल चटा दी। पिछले 3 लोकसभा चुनावों में पहली बार जींद जिले में इस तरह का क्लीन स्वीप हुआ है।
जींद जिले को पूर्व उप-प्रधानमंत्री चौ. देवीलाल के परिवार का सबसे मजबूत राजनीतिक गढ़ माना जाता है। इस जिले ने चौ. देवीलाल और उनके परिवार का लगभग हर मौके पर डटकर साथ दिया। चौ. देवीलाल के बुरे से बुरे राजनीतिक दौर में भी जींद जिले ने उनका साथ दिया। 2009 के विधानसभा चुनावों में जींद जिले में पांचों विधानसभा सीटों पर इनैलो ने जीत हासिल की थी तो 2014 के विधानसभा चुनावों में जींद जिले में इनैलो ने 5 से 3 सीटों पर जीत हासिल की थी।
2009 के लोकसभा चुनावों में इनैलो को जींद, नरवाना और उचाना में लीड मिली थी तो 2014 के लोकसभा चुनावों में जींद जिले के उचाना कलां, नरवाना और जुलाना में इनैलो प्रत्याशियों को बढ़त मिली थी। अब 12 मई को हुए लोकसभा चुनावों में जींद जिले की पांचों विधानसभा सीटों पर भाजपा प्रत्याशियों को बढ़त मिली है। बढ़त भी छोटी-मोटी नहीं होकर काफी बड़ी रही हैं। पी.एम. मोदी के नाम पर भाजपा ने लोकसभा चुनाव लड़े और इन चुनावों में पी.एम. मोदी के नाम की सुनामी में पूर्व उप-प्रधानमंत्री चौ. देवीलाल का राजनीतिक गढ़ जींद भी तिनके की तरह बह गया है।
पूर्व उप-प्रधानमंत्री चौ. देवीलाल की राजनीतिक विरासत का वारिस खुद को साबित कर चुकी जे.जे.पी. भी जींद जिले के किसी विधानसभा क्षेत्र में भाजपा पर बढ़त हासिल नहीं कर पाई। जे.जे.पी. के सबसे बड़े चेहरे और हिसार से पार्टी प्रत्याशी दुष्यंत चौटाला को उचाना कलां में भाजपा के बृजेंद्र सिंह के हाथों लगभग 9177 मतों के अंतर से हार का सामना करना पड़ा है। सोनीपत से जे.जे.पी. प्रत्याशी दिग्विजय चौटाला तो जुलाना, सफीदों और जींद विधानसभा क्षेत्रों में कुल मिलाकर 28081 वोट ही ले पाए, जो इस साल हुए जींद उप-चुनाव में दिग्विजय चौटाला को मिले 38 हजार वोट से भी कम हैं।
यह रहा जींद जिले में 2019 के लोस चुनावों में विभिन्न दलों का प्रदर्शन
1. उचाना
पार्टी का नाम प्राप्त वोट
भाजपा 62408
कांग्रेस 16490
जे.जे.पी. 53231
2. नरवाना
पार्टी का नाम प्राप्त वोट
भाजपा 82165
कांग्रेस 30643
जे.जे.पी. 19769
इनैलो 7172
3. जींद
पार्टी का नाम प्राप्त वोट
भाजपा 74649
कांग्रेस 34126
जे.जे.पी. 8953
इनैलो 734
लोसुपा 3327
4. सफीदों
पार्टी का नाम प्राप्त वोट
भाजपा 78573
कांग्रेस 33448
जे.जे.पी. 9005
लोसुपा 5328
इनैलो 1062
5. जुलाना
पार्टी का नाम प्राप्त वोट
भाजपा 61058
कांग्रेस 47216
जे.जे.पी. 10123
इनैलो 778
लोसुपा 4653