Edited By Shivam, Updated: 17 Jun, 2019 04:02 PM
स्वच्छ भारत की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मुहिम की दिशा में कदम बढ़ाते हुए नगर निगम अब ऐसे लोगों के खिलाफ एक्शन लेगा जो डस्टबिन में कूड़ा डालने की बजाय खुले में कूड़ा फैंक जाते हैं। ऐसे लोगों पर आने वाले समय में सी.सी.टी.वी.कैमरे से भी नजर रखी...
हिसार (राठी): स्वच्छ भारत की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मुहिम की दिशा में कदम बढ़ाते हुए नगर निगम अब ऐसे लोगों के खिलाफ एक्शन लेगा जो डस्टबिन में कूड़ा डालने की बजाय खुले में कूड़ा फैंक जाते हैं। ऐसे लोगों पर आने वाले समय में सी.सी.टी.वी.कैमरे से भी नजर रखी जाएगी। फिलहाल नगर निगम शहर को गंदा करने वाले, घरों के बाहर कूड़ा फैंकने वालों और कूड़ा जलाने वालों के खिलाफ अभियान चला रहा है। इस अभियान के तहत 70 से ज्यादा चालान काटे जा चुके हैं।
स्वच्छता का सर्वे होने से पहले नगर निगम इस बार पहले ही कई कदम उठा रहा है। शहर में कचरा फैलाने वालों पर शिकंजा कसने की नगर निगम ने पूरी योजना तैयार कर ली है। हाल ही में डी.सी.अशोक कुमार मीणा ने नगर निगम अधिकारियों से इस बारे में रिपोर्ट भी ली थी।
मलबा फैंकने वालों को मिलेगी जगह : प्रशासन की माने तो आने वाले समय में जो लोग मकान का मलबा इधर-उधर फैंक देते हैं उस पर रोक लगाने के लिए एक जगह चिन्हित की जाएगी। इस जगह पर भवन निर्माण का मलबा डाला जा सकेगा। ज्ञात रहे कि अधिकतर लोग सड़क किनारे मलबा फैंक जाते हैं। जगह चिन्हित होने के बाद जो मलबा सड़कों के किनारे फैंकेगा उस पर भारी जुर्माना लगाया जाएगा।