Edited By Updated: 19 Aug, 2016 01:48 PM
सतलोक आश्रम प्रकरण में हिसार सैंट्रल जेल टू में बंद आश्रम संचालक रामपाल की बहनों ने जेल के अंदर रक्षाबंधन पर्व मनाया।
हिसार: सतलोक आश्रम प्रकरण में हिसार सैंट्रल जेल टू में बंद आश्रम संचालक रामपाल की बहनों ने जेल के अंदर रक्षाबंधन पर्व मनाया। इन बहनों ने रामपाल को जेल में बनी स्पैशल सैल में राखी बांधी। यही नहीं अपने बेटे से मिलने के लिए रामपाल की मां भी व्हील चेयर पर आई।
रामपाल ने अपनी मां से आशीर्वाद लिया। साथ ही रामपाल ने बहनों का हालचाल पूछा। वहीं रामपाल को राखी बांधने की भनक पहले से लगने के कारण अनुयायियों की भारी भीड़ जेल के बाहर उमड़ गई थी। इन अनुयायियों में महिलाओं की तादाद सबसे ज्यादा थी, जिन्हें रोकने के लिए जेल प्रशासन और स्थानीय पुलिस ने कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
उल्लेखनीय है कि सतलोक आश्रम प्रकरण में आश्रम संचालक रामपाल और उसके 900 से ज्यादा अनुयायियों के खिलाफ बरवाला थाना में 6 से ज्यादा केस दर्ज हैं। इन केसों में रामपाल को हिसार सैंट्रल जेल टू में बंद कर रखा है। आज रक्षाबंधन पर्व पर जेल प्रशासन की तरफ से बहनों को राखी बांधने की छूट देने पर रामपाल की बहनें भी वहां पर पहुंची। सबसे पहले जेल में बंद रामपाल की बहन राजकला ने रामपाल को राखी बांधी। उसके बाद परिवार की अन्य महिलाओं ने राखी बांधी। उनके साथ छोटे बच्चे भी आए हुए थे। इस दौरान रामपाल की मां भी व्हील चेयर पर वहां पहुंची और अपने बेटे से बात की। रामपाल ने अपनी मां से कुछ देर बातचीत की तथा इस दौरान मां ने रामपाल का हाथ चूम कर उसे आशीर्वाद दिया।
इससे पहले इन सभी को विशेष जांच के बाद ही अंदर आने दिया गया। पुलिस की निगरानी में रामपाल को राखी बांधी गई। वहीं रामपाल को राखी बांधने की भनक लगने से सैंकड़ों की संख्या में अनुयायी जेल के बाहर पहुंच गए थे। ये अनुयायी भी जेल के अंदर रामपाल से मिलना चाहते थे लेकिन पुलिस ने इन सभी को जेल से दूर रखा।