Edited By Pawan Kumar Sethi, Updated: 05 Nov, 2026 10:02 AM

गुड़गांव के एक्सप्रेसवे अब स्टंटबाजी का अड्डा बन गए हैं। इसका जीता जागता उदाहरण देर रात को द्वारका एक्सप्रेसवे पर देखने को मिला। यहां चलती कार से युवा स्टंटबाजी करते दिखाई दिए।
गुड़गांव, (ब्यूरो): गुड़गांव के एक्सप्रेसवे अब स्टंटबाजी का अड्डा बन गए हैं। इसका जीता जागता उदाहरण देर रात को द्वारका एक्सप्रेसवे पर देखने को मिला। यहां चलती कार से युवा स्टंटबाजी करते दिखाई दिए। इस बार यह स्टंटबाजी आतिशबाजी के साथ की गई जहां चलती कार एक एक युवक स्काईशॉट चलाता दिखा। वहीं, पीछे चल रही दूसरी कार से उसके साथ सनरूफ से बाहर निकलकर वीडियो बनाते रहे। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
वीडियो में दिखाई दे रहा है कि एक हुंडई कार को युवक द्वारका एक्सप्रेसवे पर तेजी से भगा रहा है और उस गाड़ी के जेड ब्लैक शीशे हैं। इस गाड़ी को चलाने वाला युवक शीशा नीचे कर एक हाथ से स्टेयरिंग संभाले हुए है जबकि दूसरे हाथ से स्काईशॉट चला रहा है। वहीं, वीडियो में एक दूसरी गाड़ी का अगला हिस्सा भी दिखाई दे रहा है जिससे साफ है कि वीडियो बनाने के लिए दूसरा युवक गाड़ी के सनरूफ से बाहर निकला हुआ है और इस स्टंटबाजी को अपने कैमरे में कैद कर रहा है। इस घटनाक्रम ने द्वारका एक्सप्रेसवे पर चलने वाली दूसरी गाड़ियों के लिए खौफ उत्पन्न कर दिया। यदि यह स्काईशॉट किसी दूसरी गाड़ी पर जा गिरता तो एक बड़ा हादसा भी हो सकता था।
आपको बता दें कि ट्रैफिक पुलिस द्वारा स्टंटबाजी रोकने व ट्रैफिक नियमों का पालन कराने के लिए वाहन चालकों पर नकेल कसने के दावे किए जाते हैं, लेकिन हकीकत इससे परे है और लगातार गुड़गांव में स्टंटबाजी के मामले बढ़ते जा रहे हैं। ऐसा लगता है कि इन वाहन चालकों के मन में ट्रैफिक पुलिस का कोई खौफ ही नहीं है। इनके लिए नियम कानून कोई मायने ही नहीं रखते हैं जिसके कारण यह लोग आए दिन एक्सप्रेसवे पर स्टंटबाजी करते नजर आ जाते हैं।