Edited By Krishan Rana, Updated: 08 Jun, 2026 04:43 PM

हरियाणा के नूंह जिले में शादी समारोहों के दौरान वाहनों पर खतरनाक स्टंट और हुड़दंगबाजी करने वालों के खिलाफ
नूंह : हरियाणा के नूंह जिले में शादी समारोहों के दौरान वाहनों पर खतरनाक स्टंट और हुड़दंगबाजी करने वालों के खिलाफ नूंह पुलिस ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाया है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद नूंह पुलिस ने दूल्हे समेत थार गाड़ियों के 4 ड्राइवरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
मिली जानकारी के अनुसार, गांव नाई नंगला निवासी आकिब की बारात गांव चंदेनी जा रही थी। बारात में शामिल कुछ युवक थार गाड़ियों की छतों पर बैठकर और खड़े होकर सफर कर रहे थे। इसी दौरान किसी ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
वीडियो में कुछ युवक थार गाड़ियों की छतों पर खड़े और बैठे हुए दिखाई दिए। साथ ही वाहन तेज गति और लापरवाही से चलाए जा रहे थे। पुलिस का कहना है कि इस तरह वाहन चलाने से न केवल युवकों की बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की जान भी खतरे में पड़ सकती थी।
सूचना मिलने पर पुलिस गांव नाई नंगला पहुंची, लेकिन तब तक बारात गांव चंदेनी के लिए रवाना हो चुकी थी। मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को बताया कि दूल्हे ने कथित तौर पर कहा था कि "थार की छतों पर चढ़कर जाना है, निकाह बार-बार नहीं होता।"
पुलिस जांच में प्रथम दृष्टया अपराध पाए जाने के बाद दूल्हे आकिब और संबंधित वाहन चालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया। बताया जा रहा है कि बारात के दौरान किए गए इस स्टंट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था, जिसके बाद पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)