Edited By Punjab Kesari, Updated: 02 Jun, 2017 12:07 PM
हरियाणा के चर्चित आई.ए.एस. अफसर अशोक खेमका ने एक बार फिर से ट्वीटर के जरिए अपरोक्ष तौर से मौजूदा सरकार के भ्रष्टाचार पर निशाना साधा है।
चंडीगढ़ (पांडेय):हरियाणा के चर्चित आई.ए.एस. अफसर अशोक खेमका ने एक बार फिर से ट्वीटर के जरिए अपरोक्ष तौर से मौजूदा सरकार के भ्रष्टाचार पर निशाना साधा है। खेमका ने ट्वीट करके कहा है कि ‘भ्रष्टाचार को रोकने के लिए बनाए गए प्रीवैंशन ऑफ क्रप्शन एक्ट सरकार की निर्णायक नीति में कैसे मददगार साबित होगा जब भ्रष्ट लोग बिना किसी दंड के अपना कारोबार चला रहे हैं’। माना जा रहा है कि अशोक खेमका ने इस ट्वीट के माध्यम से मौजूदा सरकार के साथ-साथ उन अधिकारियों पर भी निशाना साधा है जिन पर भ्रष्टाचार के आरोप लगे हुए हैं और वह वर्तमान सरकार में भी बगैर किसी भय के कार्य कर रहे हैं।
सरकार द्वारा इस मामले में किसी तरह की कार्रवाई नहीं की जा रही है। खेमका के इस ट्वीट को सैकड़ों लोगों ने पसंद किया है और कई लोगों ने इस पर अपनी राय भी व्यक्त की है। वहीं आई.ए.एस. अशोक खेमका के ट्वीट पर मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि खेमका के हर ट्वीट का जवाब देना सरकार की जिम्मेदारी नहीं है। खेमका ने किस नजरिए से यह ट्वीट किया है, इसके बारे में वही बेहतर बता सकते हैं। उन्होंने कहा कि हर किसी को अपनी बात रखने का अधिकार है और इस बारे में खेमका ही सही बता सकते हैं।