Edited By Manisha rana, Updated: 14 Dec, 2020 09:26 AM
पिछले दो दिनों में बादल छाने से जहां लोग ठंड से परेशान थे। वहीं प्रदूषण का स्तर भी बढ़ गया था। लेकिन रविवार को मौसम ने अचानक करवट ली। तेज धूप में संडे लोगों के लिए फनडे बन गया। छुट्टी वाले दिन शहर वासियों ...
फरीदाबाद (ब्यूरो) : पिछले दो दिनों में बादल छाने से जहां लोग ठंड से परेशान थे। वहीं प्रदूषण का स्तर भी बढ़ गया था। लेकिन रविवार को मौसम ने अचानक करवट ली। तेज धूप में संडे लोगों के लिए फनडे बन गया। छुट्टी वाले दिन शहर वासियों को ठंड से थोड़ी राहत मिली। मॉल और पार्कों में लोग मस्ती करते दिखे।
रविवार को आसमान साफ रहा। सूर्यदेव भी मेहरबान रहे। पूरे दिन चटक धूप खिली रही। हवा चलने से काफी राहत मिली। शनिवार के मुकाबले अधिकतम तापमान में तीन डिग्री गिरावट और न्यूनतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। खिलखिलाती धूप के कारण मौसम सुहाना बना रहा। ठंड के कारण जो लोग घरों में दुबके हुए थे। वह रविवार को धूप खिलने से बाहर निकल आए। पार्क, छत, बालकनी में बैठकर धूप का आनंद लिया।
शनिवार को शहर का अधिकतम तापमान 23 और न्यूनतम 15 डिग्री सेल्सियस था। इससे लोगों की कंपकंपी छूट रही थी। मगर रविवार को मौसम साफ रहने धूप खिली होने से ठंड से काफी राहत मिली। रविवार को अधिकतम तापमान 21 और न्यूनतम 11 डिग्री पर पहुंच गया। घरों के अंदर तो लोगों को ठंड महसूस हुई, मगर बाहर तेज धूप होने से लोगों को ठंड से काफी राहत मिली। गुनगुनी धूप का आनंद लेने के लिए लोग पार्क और शापिंग मॉल्स की ओर निकल गए। लोगों ने जमकर मस्ती की। बुजुर्ग और छोटे बच्चे पार्क में चहल-कदमी करते नजर आए। मौसम विभाग के अनुसार पहाड़ी राज्यों में जारी बर्फबारी के कारण अभी तापमान में गिरावट आ सकती है।