Edited By Isha, Updated: 02 Mar, 2020 08:47 AM
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राष्ट्रीय राजमार्ग राज्यमंत्री तथा पूर्व थल सेनाध्यक्ष जनरल डा. वी.के. सिंह ने कहा कि नागरिकता संशोधन कानून (सी.ए.ए.) में ऐसा कुछ नहीं है जिससे किसी को इसका....
हिसार/बरवाला : केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राष्ट्रीय राजमार्ग राज्यमंत्री तथा पूर्व थल सेनाध्यक्ष जनरल डा. वी.के. सिंह ने कहा कि नागरिकता संशोधन कानून (सी.ए.ए.) में ऐसा कुछ नहीं है जिससे किसी को इसका विरोध करना पड़े बल्कि इसका विरोध करके विपक्षी नेता और दल अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर देश की छवि को खराब करने का कुत्सित प्रयास कर रहे हैं।
डा. वी.के. सिंह रविवार को बरवाला में महर्षि दधीचि परमार्थ ट्रस्ट द्वारा नवस्थापित फिजियोथैरेपी एवं योग केंद्र का उद्घाटन करने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। जनरल वी.के. सिंह ने कहा कि नागरिकता संशोधन कानून पर जब विपक्षी दलों की पोल खुलने लगी तो उन्होंने एन.पी.आर. पर भी भ्रम फैलाना शुरू कर दिया जबकि यह प्रक्रिया देश में पहले से चालू है।
जनगणना के अनुसार प्रत्येक 10 साल बाद देश के नागरिकों की संपूर्ण जानकारी लेना मात्र ही एन.पी.आर. का काम है। लगभग 10 साल पहले पूर्व मंत्री पी. चिदंबरम ने एन.पी.आर. के तहत देश की तत्कालीन राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल को पहचान पत्र दिया था, तब इस बात को लेकर किसी ने कोई आपत्ति नहीं जताई थी।