Edited By vinod kumar, Updated: 04 Jan, 2020 05:42 PM
पाकिस्तान में ननकाना साहिब में हुई पत्थरबाजी पर प्रतिक्रिया देते हुए गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि ये वीडियो कांग्रेसियों को दिखाना चाहिए किस तरह पाकिस्तान में अल्पसंख्यकों पर अत्याचार होते हैं। उनका जीना मुहाल किया जा रहा है, अगर वो किसी तरह से...
चंडीगढ़(धरणी): पाकिस्तान में ननकाना साहिब में हुई पत्थरबाजी पर गृह मंत्री अनिल विज ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि इसके लिए कांग्रेस, विपक्ष, सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी जो नागरिकता संशोधन बिल का विरोध कर रहे हैं उन्हें बताना चाहिए कि किस प्रकार से अल्पसंख्यकों और उनके धार्मिक स्थानों पर पाकिस्तान में लगातार प्रहार हो रहा हैं, उन्हें नुकसान पहुंचाया जा रहा है। इसका वीडियो कांग्रेसियों को दिखाना चाहिए।
अनिल विज ने कहा कि जिन लोगों का पाकिस्तान में जीना मुहाल किया जा रहा है, अगर वो किसी तरह से वहां से जान बचाकर हिंदुस्तान में आ जाते हैं और हमारी सरकार उनको नागरिकता देना चाहती है, तो वहीं ये लोग उसका विरोध कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ये पार्टियां एंटी हिन्दू है, एंटी सिख है, एंटी जैन है, एंटी बोध है और एंटी पारसी है। सही मायने में ये पार्टियां एंटी नेशनलिस्ट हैं। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान में सिखों पर होने वाले अत्याचार के खिलाफ सुरक्षा मुहैया करवाने के लिए सरकार पाकिस्तान से बातचीत कर रही है और उन्हें वहां पर सुरक्षा देंगे।
वहीं इमरान खान द्वारा बांग्लादेश का सात साल पुराना वीडियो वायरल कर झूठा प्रचार करने कि यूपी पुलिस नरसंहार कर रही है पर पलटवार करते हुए अनिल विज ने कहा कि इमरान खान, सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी, राहुल गांधी ये सभी एक ही कंपनी के सदस्य हैं। इनका डायरेक्टर भी एक ही है। जैसे राहुल गांधी कभी राफेल तो कभी नागरिकता संशोधन बिल को लेकर झूठा प्रचार करता है, उसी प्रकार से इमरान खान भी हिंदुस्तान में दंगे करवाने के लिए झूठा प्रचार करता है।
उन्होंने कहा कि जितनी भी पार्टियां देश में नागरिकता संशोधन बिल का विरोध कर रही हैं ये सभी इमरान खान की एडवांस पार्टियां हैं। इन पार्टियों को देश में इमरान खान ने अपने मकसद को पूरा करने के लिए आगे किया हुआ है।