Edited By Vivek Rai, Updated: 24 May, 2022 06:09 PM
कांग्रेस के हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने के बाद उदय भान ने आज पार्टी प्रवक्ताओं की एक सूची जारी की थी, लेकिन पार्टी हाईकमान की ओर से इस लिस्ट पर रोक लगा दी गई है। उदयभान ने कहा कि उन्हे इस बात की जानकारी नहीं थी कि यह सूची जारी करने से पहले...
चंडीगढ़(धरणी): कांग्रेस के हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने के बाद उदय भान ने आज पार्टी प्रवक्ताओं की एक सूची जारी की थी, लेकिन पार्टी हाईकमान की ओर से इस लिस्ट पर रोक लगा दी गई है। उदयभान ने कहा कि उन्हे इस बात की जानकारी नहीं थी कि यह सूची जारी करने से पहले पार्टी हाईकमान से इजाजत लेनी होती है। उन्होंने कहा कि जल्द ही एआईसीसी से चर्चा कर प्रवक्ताओं की लिस्ट जारी की जाएगी।
प्रदेश प्रवक्ताओं की सूची जारी कर लगानी पड़ी रोक
दरअसल हरियाणा कांग्रेस की कमान संभालने के बाद उदय भान का यह पहला फैसला था। भान ने हरियाणा कांग्रेस के 30 प्रवक्ताओं के नाम और मोबाईल नंबर वाली एक लिस्ट जारी की थी। पार्टी हाईकमान ने प्रोटोकॉल का पालन ना करने की बात कहते हुए भान द्वारा जारी लिस्ट पर रोक लगा दी। यह जानकारी खुद उदयभान ने ही दी। भान ने कहा कि प्रदेश प्रवक्ताओं की इस लिस्ट को लेकर पार्टी आलाकमान से सलाह की जाएगी और वहां से हरी झंडी मिलने के बाद लिस्ट पुन: जारी की जाएगी।
उदयभान को विरोधियों ने बताया था डमी अध्यक्ष
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के करीबी और होडल विधानसभा से विधायक रहे उदय भान को हरियाणा कांग्रेस का अध्यक्ष बनाए जाने पर विरोधी पार्टियों ने खूब तंज कसा था। भान को डमी अधयक्ष कहते हुए विरोधियों ने कहा था कि अध्यक्ष भले ही उदयभान को बनाय़ा गया है लेकिन फैसले हुड्डा के ही होंगे। यही नहीं पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप ने भी भान को अध्यक्ष बनाए जाने पर खुलकर नाराजगी जताई थी।
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)