Edited By kamal, Updated: 21 Apr, 2019 09:25 AM
इनैलो नेता अभय चौटाला ने भतीजे दुष्यंत चौटाला व पार्टी छोडऩे वाले दूसरे नेताओं को कांग्र्रेस का एजैंट बताया। उन्होंने कहा...
सोनीपत(दीक्षित): इनैलो नेता अभय चौटाला ने भतीजे दुष्यंत चौटाला व पार्टी छोडऩे वाले दूसरे नेताओं को कांग्र्रेस का एजैंट बताया। उन्होंने कहा कि कुछ लोग कांग्रेस के एजैंट के रूप में इनैलो में घुस गए थे जो अब छोड़कर चले गए हैं। अभय ने कहा कि वे चाहते हैं कि कांग्रेस,जजपा व आम आदमी पार्टी का गठबंधन हो,ताकि उनकी असलियत जनता के सामने आ जाए। अभय यहां पत्रकारों से बात कर रहे थे।उन्होंने कहा कि इनैलो में लंबे समय से कुछ घुसपैठिए थे जो पार्टी को नुक्सान पहुंचाने की मंशा से काम कर रहे थे,लेकिन उनकी मंशा कामयाब नहीं हुई तो अब वे पार्टी छोड़कर भाग गए।
ऐसे लोगों को जनता चुनाव में सबक सिखा देगी। अभय ने कहा कि इनैलो का प्रदेश में अपना जनाधार है, ऐसे में उन्हें कोई रणनीति बनाने की जरूरत नहीं है। रणनीति वे लोग बनाते हैं जिनका अपना कोई जनाधार नहीं होता। वे तिकड़मबाजी से चुनाव जीतने के लिए अलग-अलग षडयंत्र रचते हैं।उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि 5 साल तक सत्ता में रहने वाली भाजपा ने केवल जुमलेबाजी की है। यही कारण है कि अब विकास का कोई मुद्दा नहीं होने पर मजबूरी में राष्ट्रीय सुरक्षा को मुद्दा बनाया जा रहा है।
भाजपा ऐसे जता रही है, जैसे देश की सीमाओं पर बहुत बड़ा खतरा है, जबकि देश की रक्षा देश के वीर जवान बखूबी करते हैं और आगे भी करेंगे। अभय ने कहा कि पिछली बार बिना शर्त केंद्र सरकार को समर्थन देने की भूल कर चुके हैं,लेकिन इस बार ऐसा नहीं होगा। इनैलो इस बार शर्तों के आधार पर समर्थन देगी।