Edited By Vivek Rai, Updated: 27 May, 2022 04:30 PM
सभी विभागों के कच्चे कर्मचारियों ने आक्रोश प्रदर्शन करते हुए डीसी कार्यालय पर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सर्व कर्मचारी संघ, हरियाणा कौशल रोजगार निगम को भंग करने की मांग कर रहा है। संघ के नेताओं का कहना है कि हरियाणा सरकार कौशल रोजगार निगम...
अंबाला(अमन): सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के आह्वान पर आज कर्मचारियों द्वारा मांग दिवस मनाया गया। अंबाला में भी सभी विभागों के कच्चे कर्मचारियों ने आक्रोश प्रदर्शन करते हुए डीसी कार्यालय पर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सर्व कर्मचारी संघ, हरियाणा कौशल रोजगार निगम को भंग करने की मांग कर रहा है। संघ के नेताओं का कहना है कि हरियाणा सरकार कौशल रोजगार निगम बनाकर कच्चे कर्मचारियों का शोषण कर रही है। इसके कारण उनकी नौकरी पर खतरा मंडरा रहा है। इसके तहत 15 सालों से काम कर रहे कर्मचारियों को मात्र 11 महीनों के अनुबंध पर रखा जाएगा।
बता दें कि सभी विभागों के कच्चे कर्मचारी कई महीनों से हरियाणा कौशल रोजगार निगम को भंग करने की मांग कर रहे हैं। इसी कड़ी में आज सर्व कर्मचारी संघ के बैनर तले अंबाला में सभी विभागों के कच्चे कर्मचारियों ने एकजुट होकर आक्रोश प्रदर्शन किया और अपनी मांगों को लेकर मांग दिवस मनाया गया। शहर में प्रदर्शन की शक्ल में जुलूस निकालने के बाद कर्मचारी डीसी कार्यालय पहुंचे और अपनी मांगों के लिए जिला उपायुक्त को एक ज्ञापन सौंपा। सर्व कर्मचारी संघ के नेताओं का कहना है कि हरियाणा सरकार कौशल रोजगार निगम बनाकर कच्चे कर्मचारियों का शोषण कर रही है। 15 सालों से काम कर रहे कर्मचारियों को मात्र 11 महीनों के अनुबंध पर रखा जाएगा जबकि सरकार ने चुनाव में कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने का वादा किया था। सरकार अपने ही किए वादे से मुकर रही है और हरियाणा कौशल रोजगार निगम के माध्यम से कच्चे कर्मचारियों का हक मारना चाहती है।
क्या है हरियाणा कौशल रोजगार निगम
प्रदेश सरकार ने अनुबंधित कर्मचारियों के अनुबंध की कंपनियों को हटाकर अपना अलग हरियाणा रोजगार कौशल निगम बनाया है। इस निगम के तहत अब सरकार की तरफ से हर विभाग में पहले से कार्यरत अनुबंधित कर्मचारियों का ब्यौरा पोर्टल पर डाला गया है। परंतु इस प्रक्रिया के तहत अभी तक नौकरी के लिए हरियाणा रोजगार कौशल निगम में नए आवेदन नहीं लिए जा रहे हैं। इस समय केवल पंजीकरण ही हो रहा है। जबकि इस निगम के तहत फिलहाल उन्हीं अभ्यार्थियों को लिया जा रहा है। जिनके पास किसी पंजीकृत एजेंसी या फिर सरकारी संस्थान का किसी भी प्रकार के कौशल का प्रमाण पत्र है।
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)