Edited By Pawan Kumar Sethi, Updated: 08 Oct, 2026 10:03 PM

दिल्ली के 31 वर्षीय रियल एस्टेट एग्जीक्यूटिव युवराज सिंह मनचंदा के शव को संभालने और उसका अज्ञात मानकर अंतिम संस्कार के मामले में बादशाहपुर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजेश बागड़ी को विभागीय जांच के बाद निलबिंत कर दिया गया है।
गुड़गांव, (ब्यूरो): दिल्ली के 31 वर्षीय रियल एस्टेट एग्जीक्यूटिव युवराज सिंह मनचंदा के शव को संभालने और उसका अज्ञात मानकर अंतिम संस्कार के मामले में बादशाहपुर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजेश बागड़ी को विभागीय जांच के बाद निलबिंत कर दिया गया है। निलबिंत करने के बाद इंस्पेक्टर राजेश बागड़ी को पुलिस लाइन में भेज दिया गया है। जबकि सेक्टर-56 थाना प्रभारी रहे मनोज यादव को बादशाहपुर थाना प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सेक्टर-56 थाने का प्रभारी इंस्पेक्टर सुखपाल को बनाया गया है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
युवराज हत्याकांड मामले में लापरवाही बरतने वाले जांच अधिकारी एएसआई को पहले ही निलबिंत किया गया है। इसके अलावा कंट्रोल रूम प्रभारी सब-इंस्पेक्टर के खिलाफ पुलिस आयुक्त ने विभागीय जांच के लिए सिफारिश भेजी गई है और उन पर जांच चल रही है। इसके अलावा फोरेसिंक टीम में शामिल एक्पर्ट की भी भूमिका देखी जा रही है। वहीं पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टर पर स्वास्थ्य विभाग के द्वारा कार्रवाई कर रही है।
वहीं मामले की जांच के दौरान सामने आया कि लावारिस शवों के मामलों में पुलिस के लिए निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के तहत कई कदम उठाने जरूरी होते हैं, लेकिन थाना पुलिस की अपनी रिपोर्ट में ही इन नियमों के उल्लंघन की बात सामने आई है। सबसे बड़ी लापरवाही ज़िपनेट(ज़ोनल इंटीग्रेटेड पुलिस नेटवर्क) पर जानकारी अपलोड करने में हुई। युवराज के परिजनों ने 11 सितंबर को लाजपत नगर थाने में उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी और दिल्ली पुलिस ने 12 सितंबर को ही युवराज की तस्वीर व विवरण ज़िपनेट पर अपलोड कर दिए थे। नियम के मुताबिक गुरुग्राम पुलिस को भी शव मिलते ही इसकी जानकारी ज़िपनेट और पुलिस कंट्रोल रूम के माध्यम से सभी पड़ोसी राज्यों के थानों में भेजनी चाहिए थी। हालांकि गुरुग्राम पुलिस ने 14 सितंबर को शव का अंतिम संस्कार कर दिया और इसके दो दिन बाद यानी 16 सितंबर को ज़िपनेट पर जानकारी दर्ज की। पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया के दौरान कानून के तहत कार्यकारिणी मजिस्ट्रेट या एसडीएम को सूचित नहीं किया गया, न ही पोस्टमॉर्टम की विडियोग्राफी कराई गई और न ही भविष्य में पहचान या जांच के लिए विसरा सैंपल सुरक्षित रखे गए।
पुलिस के द्वारा लगातार बरती गई लापरवाही को देखते हुए पुलिस आयुक्त गुरुग्राम शिवाज कविराज ने बादशाहपुर इंस्पेक्टर राजेश बागड़ी के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए गए थे। आठ दिनों तक चली जांच के बाद बुधवार देर शाम को इंस्पेक्टर को निलबिंत कर पुलिस लाइन भेज दिया गया है। आपको बता दें कि 6 सितंबर को युवराज गुरुग्राम आया था युवराज दिल्ली के लाजपत नगर निवासी युवराज सिंह छह सितंबर को गुरुग्राम में एक बैठक के सिलसिले में घर से निकले थे, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटे। दिल्ली पुलिस की जांच के अनुसार, उसी रात उनकी पूर्व सहकर्मी अन्या वत्स और उसके साथी संयम सचदेवा ने युवराज की हत्या कर दी। आरोपी युवराज के शव को लगभग दो दिनों तक एक वाहन में रखकर घूमते रहे और आठ सितंबर को उसे बादशाहपुर के पास फेंक दिया। 10 सितंबर को शाम चार बजे गुरुग्राम पुलिस को सेक्टर 70 के एक पानी भरे गड्ढे से सड़ा-गला शव मिलने की सूचना मिली। पुलिस टीम 4:20 बजे मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भिजवा दिया, लेकिन उसकी पहचान दर्ज नहीं की जा सकी।