Edited By Nisha Bhardwaj, Updated: 18 Jun, 2018 01:04 PM
अमृतसर में आज एक बड़ा हादसा हो गया। जिसमें 7 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि एक बच्चा घायल है जिसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां उसका उपचार किया जा रहा है। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी...
झज्जर (ब्यूरो): पंजाब के अमृतसर में सोमवार सुबह एक सड़क दुर्घटना में दो परिवारों के सात सदस्यों की मौत हो गई। जबकि एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां उसका उपचार किया जा रहा है। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक हरपाल सिंह ने बताया कि दिल्ली से अमृतसर घूमने आए दो परिवारों की कार अमृतसर-जालंधर मुख्यमार्ग पर स्थित गांव फत्तूवाल के पास खड़े टिप्पर ट्रक से टकरा गई। इस हादसे में सात लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतकों में तीन महिलाएं, तीन पुरुष और एक बच्चा शामिल है।
मृतकों की पहचान अरविंद शर्मा निवासी विपन गार्डन उत्तम नगर दिल्ली, अरविंद की पत्नी सविता शर्मा, अरविंद की बेटी मनी शर्मा, अरविंद का बेटा शिवांश शर्मा, सुनील निवासी झज्जर हरियाणा, सुनील की पत्नी पूनम तथा उनके बच्चे के रूप में हुई है। जबकि एक बच्चा सोनू घायल हो गया है।
पुलिस ने बताया कि ये दोनों परिवार अमृतसर घूमने आए थे। दिल्ली वापिस लौटते समय आज सुबह करीब छह बजे इनकी कार एक ढाबे के बाहर खड़े ट्रक से टका गई। उन्होंने बताया कि मृतकों के शवों की पहचान कर परिजनों को सूचित कर दिया गया है।